पश्चिमी यूपी के पांच जिलों में एक फार्मेसिस्ट समेत 47 को कोरोना संक्रमण की पुष्टि, तेजी से बढ़ रहे केस
पश्चिमी यूपी में में कोरोना के संक्रमण का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। बागपत में बुधवार को एक फार्मेसिस्ट समेत 20 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सीएमओ डॉ आरके टंडन ने पुष्टि की है। अब जिले में मरीजों की संख्या 171 पर पहुंच गई है। उधर, शामली में भी छह नए केस मिले हैं। इसके अलावा सहारनपुर में 16 प्रवासी भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। वहीं मुजफ्फरनगर जिले में भी बुधवार को पांच नए केस कोरोना संक्रमण के मिले हैं।
बताया गया कि फार्मेसिस्ट छपरौली सीएचसी पर कार्यरत है। इसके अलावा संक्रमितों में एक युवक खिंदौड़ा गांव का रहने वाला है और एक बागपत नगर का निवासी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सीएचसी छपरौली को सैनिटाइज कराया है। संक्रमितों में बिनौली थाने की डायल 112 पर तैनात सिपाही भी शामिल है। इसके अलावा मुजफ्फरनगर की कोरोना पॉजिटिव किशोरी के संपर्क में रहा उसकी मौसी का बेटा भी शामिल है।
यह भी पढ़ें: लद्दाख सीमा पर विवाद, चीनी कंपनी को मिला रैपिड रेल प्रोजेक्ट, उठ रहे सवाल, पढ़िए पूरा अपडेट
सीएमओ डॉ. आरके टंडन ने बताया कि बुधवार को मिले तीनों संक्रमित मरीजों को कोविड अस्पताल भेजा रहा है। जहां उनका उपचार किया जाएगा।
उधर, शामली जनपद में भी बुधवार को कोरोना के छह नए संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें दो नर्सिंग होम के चार कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा एक युवक कांधला का निवासी है। जबकि एक अन्य युवक शामली में 12 जून को मिले कोरोना पॉजिटिव का करीबी है। इनमें से पांच के रेंडम सैंपल लिए गए थे। अब जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।
वहीं सहारनपुर में 16 और प्रवासियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एक साथ इतनी संख्या में पॉजिटिव आने से प्रशासन और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों में हड़कंप की स्थिति है। खास बात यह है कि संक्रमितों में एक और तीन वर्ष के बच्चे भी शामिल हैं।
पॉजिटिव आए सभी 16 लोग दिल्ली से लौटे थे। सभी को होम क्वारंटीन किया गया था। चार दिन पहले ही सैंपल भेजे गए थे। पॉजिटिव आए लोगों में छह संक्रमित देवबंद के हैं। इनमें तीन रणखंडी, दो अंबेहटा शेख और एक कासिमपुरा का रहने वाला है। सूचना मिलते ही सीएचसी प्रभारी डॉ. इंदिराज सिंह अपनी टीम के साथ संबंधित गांवों में पहुंचे और संक्रमित लोगों को कोविड-19 अस्पतालों के लिए भिजवाया। साथ ही संपर्क में आए परिजनों को भी होम क्वारंटीन किया गया है। कुछ लोगों की सैंपलिंग भी कराने की बात कही गई है। गंगोह में चार लोग पॉजिटिव आए हैं। इनमें तीन संक्रमित गांव सिकंदरपुर के हैं, जो मां और बेटे हैं। चिंता की बात यह है कि बच्चों में एक बच्चा एक और दूसरा तीन वर्ष का है। इसे लेकर परिजनों में डर बन गया है। हालांकि सभी की हालात सामान्य बताई जा रही है। चौथा संक्रमित गांव अलीपुरा का है। यह भी महिला ही है। सीएचसी प्रभारी डॉ. रोहित वालिया ने सूचना मिलते ही दोनों गांवों में जाकर संक्रमितों को कोविड-19 भिजवाया। चार लोग नकुड़ में संक्रमित आए हैं। इनके अलावा एक संक्रमित रामपुर मनिहारान और एक नागल के नासिरपुर डिंगोली का है। जिले में अभी तक 302 संक्रमित सामने आ चुके हैं। हालांकि इनमें से 254 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में 48 सक्रिय मरीज हैं।
इसके अलावा मुजफ्फरनगर जिले में भी बुधवार को पांच नए केस कोरोना संक्रमण के मिले हैं। एडीएम वित्त आलोक कुमार ने बताया कि पांच लोगों में से एक खालापार का निवासी है, जिसने प्राईवेट लैब में जांच कराई थी, जो पॉजिटिव आई है। बाकी चार मरीज गांव छिमाऊ, कुल्हेड़ी, शहर के अंबा विहार और आबूपुरा निवासी है। इन चारों ने खुद ही जिला चिकित्साल में आकर अपने सैंपल दिए थे। जो बुधवार को आई जांच रिपोर्ट कोरोना संक्रमित मिले है। अब जिले में 199 केस हो गए हैं, जिनमें से 115 मरीज ठीक हो गए हैं, जबकि 84 सक्रिय मरीज है। जिले में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/