यूपी: जींस रंगाई एवं धुलाई की तीन इकाइयां सील, संचालकों पर लगाया 50-50 हजार का जुर्माना
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने शहर में छापेमारी कर तीन जींस रंगाई और धुलाई इकाइयां सील कीं। इकाई संचालकों पर 50-50 हजार रुपए जुर्माना लगाया। संचालकों ने बिना नोटिए दिए मशीनें सीज करने का विरोध किया। टीम कार्रवाई कर वापस लौट गई।
उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक पर्यावरण अभियंता मेरठ प्रखर कुमार कटियार ने बताया कि उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड लखनऊ से पूरे प्रदेश में जींस रंगाई और धुलाई इकाइयां बंद करने के निर्देश किए गए। टीम मंगलवार को बागपत के गायत्रीपुरम मोहल्ले में पहुंची। वहां पर वसीम खान और प्रवीण एवं पुराना कस्बा में महेश की जींस रंगाई और धुलाई इकाइयों को सील किया गया। उन पर 50-50 हजार रुपए जुर्माना लगाया गया। यदि समय अवधि में जुर्माना राशि जमा नहीं की तो बढ़ाकर दो गुना कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बड़ौत में भी जींस रंगाई इकाइयां संचालित हैं, जिन पर कार्रवाई होगी।
इकाई संचालक वसीम खान ने बिना नोटिस दिए इकाई सील करने का विरोध किया। उसने बताया कि एक माह पहले ही इकाई लगाई। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया। पुलिस ने समझाकर शांत कर दिया। अभियंता ने बताया कि इकाइयों से निकलने वाले पानी जल प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण है। नालों के माध्यम से यमुना में पहुंचता है। इससे नदी दूषित हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी के मोहल्ले या पड़ोस में कपड़ा रंगाई व धुलाई इकाई चल रही है तो इसकी शिकायत उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में करें। शिकायत पर तुरंत कार्रवाई होगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/