बागपत लोकसभा सीट: नामांकन से लेकर 26 अप्रैल को मतदान तक, शांतिपूर्व चुनाव कराने के निर्देश
लोकसभा सीट पर 26 अप्रैल को मतदान होगा। इसके लिए 28 मार्च से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी जो चार अप्रैल तक चलेगी और चुनाव परिणाम के लिए चार जून तक का इंतजार करना पड़ेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लोकसभा सीट पर 26 अप्रैल को मतदान होगा। इसके लिए 28 मार्च से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी जो चार अप्रैल तक चलेगी और चुनाव परिणाम के लिए चार जून तक का इंतजार करना पड़ेगा। लोकसभा में 16 लाख 46 हजार 278 मतदाता अपने प्रत्याशी का चयन करेंगे। इनमें सबसे अधिक छपरौली विधानसभा में मतदाता हैं।
बागपत लोकसभा सीट में बागपत, बड़ौत, छपरौली विधानसभाओं के अलावा मेरठ की सिवालखास और गाजियाबाद की मोदीनगर विधानसभा सीट आती है। मतदान के लिए लोकसभा में 1737 मतदेय स्थल व 515 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहीं प्रशासन ने चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए जिले में 116 सेक्टर व दस जोन बनाए हैं।
इसके साथ ही डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने चुनाव आचार संहिता लगते ही सभी को अलर्ट होने के आदेश जारी किए। इसके बाद प्रशासन की अलग-अलग टीमों ने सड़क पर उतरकर कार्य भी शुरू कर दिया। अब चुनाव की घोषणा होने के बाद केवल प्रत्याशियों का इंतजार है, क्योंकि केवल रालोद-भाजपा गठबंधन को छोड़कर अन्य किसी पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।
डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने कलक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि चुनाव की घोषणा हो चुकी है और यहां प्रशासन व पुलिस पहले से चुनावी तैयारी में लगे थे जो पूरी हो चुकी है। यहां सभी मतदान केंद्रों में सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि 50 प्रतिशत बूथों की वेब कास्टिंग होगी। उनके अनुसार पिछली बार 64.2 प्रतिशत मतदान हुआ था, जिसको बढ़ाकर 75 प्रतिशत तक करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डीएम न्यायालय कक्ष में नामांकन होगा और प्रत्याशी के साथ केवल तीन लोग आ सकेंगे तो गाड़ियां भी कलक्ट्रेट के पास नहीं आ सकेगी। मतदाताओं को किसी तरह की समस्या नहीं होने दी जाएगी। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने कहा कि पुलिस भी पूरी तरह से मुस्तैद है और कार्रवाई कर रही है।
प्रशासन व पुलिस ने होर्डिंग उतरवाए
चुनाव आचार संहिता लागू होते ही एसडीएम अविनाश त्रिपाठी, कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार ने होर्डिंग उतरवाने के लिए अभियान चलाया। नेताओं के सभी जगह से होर्डिंग उतार दिए गए और नगर पालिका कर्मचारी उनको कब्जे में लेते रहे। सरकारी कार्यालयों से भी होर्डिंग उतार दिए गए। वहीं दीवारों पर पेंटिंग के सहारे कराया गया प्रचार भी पुताई कराकर हटाया गया।
बागपत लोकसभा सीट में करीब पांच लाख युवा मतदाता हैं। इनमें 18-19 वर्ष तक के 23703 मतदाता है जो पहली बार अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे। जबकि बागपत जिले में ऐसे 15938 मतदाता है जो पहली बार वोट डालेंगे।
80 वर्ष से अधिक के 26071 वोटर, सर्विस वोटर 12013 वोटर
लोकसभा क्षेत्र में 80 वर्ष से अधिक उम्र वाले 26071 वोटर हैं। इनके अलावा दिव्यांग वोटर 11801 हैं। इस तरह ही सर्विस वोटर 12013 हैं। वोटरों के आधार पर लिंगानुपात 821 है।
चुनावी समस्या के लिए यहां करें फोन
किसी को चुनाव से जुड़ी कोई समस्या होती है तो वह 1950 पर कॉल कर अपनी समस्या बता सकता हैं। इसके अलावा कंट्रोल रूम 0121-2222870 में भी सूचना दे सकते हैं तो नियंत्रण कक्ष प्रभारी के पास नंबर 9235930529 पर भी सूचना दे सकते हैं।
बागपत लोकसभा में मतदाता
विधानसभा पुरुष महिला अन्य सर्विस वोटर
सिवालखास 186440 154932 20 2177
छपरौली 184363 151194 3 3719
बड़ौत 167429 139210 12 2713
बागपत 176010 151968 21 2295
मोदीनगर 179869 154874 33 1109
वर्ष 2019 का यह रहा परिणाम
बागपत लोकसभा
डा. सत्यपाल सिंह-भाजपा-525789 (50.32)
चौधरी जयंत सिंह-रालोद-502287 (48.07)
रालोद-भाजपा गठबंधन का प्रत्याशी पहले ही उतर चुका है। चुनाव के लिए हर किसी के पास पार्टी के प्रत्याशी, पदाधिकारी व कार्यकर्ता पहुंच रहे है। लोकसभा सीट पर गठबंधन का प्रत्याशी जीत बड़ी जीत दर्ज करेंगे। -रामपाल धामा, जिलाध्यक्ष रालोद
बसपा की चुनाव की पूरी तैयारी है और पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ा जाएगा। प्रत्याशी की घोषणा भी जल्द होगी। प्रत्याशी को लेकर पिछले कई दिनों से चर्चा चल रही थी जो अब पूरी होने पर केवल नाम की घोषणा बाकी है। - विक्रम भाटी, जिलाध्यक्ष बसपा
सपा-कांग्रेस गठबंधन का प्रत्याशी जल्द ही घोषित किया जाएगा। हालांकि चुनाव को लेकर सभी मैदान में उतरे हुए हैं और चुनाव को मजबूती के साथ लड़ा जाएगा। इस बार बागपत सीट से सपा-कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी की जीत होगी। - मनोज चौधरी, लोकसभा प्रभारी सपा