बागपत: पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में लगी गोली, साथी फरार, बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद
पश्चिमी यूपी में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ों का सिलसिला लगातार जारी है। जनपद बागपत में रविवार देर रात पुलिस चैकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश को दबोच लिया। कुख्यात पर लूट के बीस से भी ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात करीब साढ़े बारह बजे पुलिस और बदमाशों के बीच काठा रोड स्थित बंदपुर मोड पर चेकिंग के दौरान मुठभेड़ हुई। जिसके बाद कुख्यात बदमाश फायरिंग करते हुए भागने लगे।
जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली पैर में लगने से एक बदमाश घायल हो गया जबकि उसका एक साथी फरार हो गया।
बताया गया कि बदमाश मेहताब उर्फ डैनी पुत्र रियासत निवासी किठौर जनपद मेरठ गोली लगने से घायल हुआ है। वहीं उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल बदमाश के पास से एक तमंचा, कारतूस व एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। मेहताब उर्फ डैनी के ऊपर करीब 20 मुकदमें वाहन चोरी व लूट आदि के विभिन्न जनपदों में पंजीकृत हैं।