सेना की क्यूआरटी टीम ने मेरठ छावनी से दबोचा संदिग्ध नशेड़ी, पूछताछ जारी
मेरठ में सेना की क्यू आर टी ने कैंट क्षेत्र अंतर्गत स्थित डोगरा मंदिर के पास से एक संदिग्ध नशे में धुत शख्स को हिरासत में लिया है। पकड़े गए शख्स से पूछताछ की जा रही है। पुलिस फिलहाल मामले में कुछ भी बताने को तैयार नहीं है।
गुरुवार सुबह क्यू आर टी गश्त पर थी। तभी डोगरा मंदिर के निकट सेना के जवानों को एक संदिग्ध दिखाई दिया। उन्होंने युवक से पूछताछ की तो वह किसी भी सवाल का उचित जवाब नहीं दे सका।
क्यूआरटी ने अफसरों को इसकी जानकारी दी और फिर पूछताछ के लिए उसे अपने साथ ले गए। करीब चार घंटे संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई लेकिन कोई भी महत्वपूर्ण तथ्य सेना के हाथ नहीं लगा। इसके बाद संदिग्ध को लालकुर्ती पुलिस को सौंप दिया गया।
यह भी पढ़ें: मेरठ छावनी क्षेत्र से संदिग्ध गिरफ्तार, मोबाइल में मिले पाकिस्तान में बातचीत किए जाने के सबूत
यहां पूछताछ के दौरान संदिग्ध युवक ने खुद की पहचान हापुड़ से सटे गांव बहादुरगढ़ निवासी के रूप में कराई है।
इंस्पेक्टर लालकुर्ती दिलीप सिंह ने बताया कि युवक नशे का आदि प्रतीत हो रहा है। वह फिलहाल किसी भी सवाल का जवाब देने की स्थिति में नहीं है। नशा उतरने के बाद ही उससे बात की जाएगी। जब तक स्पष्ट नहीं हो जाता, तब तक कुछ भी बोलना जल्दबाजी होगी।