पत्नी से नाराज फालोअर ने थाने में खाया जहर, अस्पताल में मौत
पत्नी से विवाद हुआ तो फालोअर ने थाने में ही जहर खा लिया। इसके बाद उसे अस्पताल में लेकर गए तो वहां उसने दम तोड़ दिया। जानें परिवार में क्या विवाद था।
बागपत जिले के बिनौली थाने में तैनात फोलोअर शिव मंगल (52) ने सोमवार शाम थाने में ही कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घर पर पत्नी से किसी बात पर कहासुनी के बाद उसने यह कदम उठाया।
परिवार में रहता था विवाद
शिव मंगल मूल रूप से मैनपुरी जिले के थाना क्षेत्र कुरावली के गांव नंगला सेतु का रहने वाला था। काफी समय से यहां बिनौली थाने में तैनात शिव मंगल का परिवार में पत्नी से अक्सर विवाद रहता था। बताया जाता है कि सोमवार को भी पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी से क्षुब्ध होकर थाने में ही शाम के समय उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। यह भी बताया जा रहा है कि शराब पीने को लेकर उसका परिवार में विवाद होता रहा है।
थाना प्रभारी चंद्रकांत पांडेय ने बताया कि परिवार के विवाद के कारण ही शिव मंगल ने आत्महत्या की है। शिव मंगल के दो बेटे हैं। इनमें एक रवि और दूसरा राजीव कुमार है। राजीव कुमार यूपी पुलिस में कांस्टेबल है जो इस समय सीतापुर में तैनात हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/