अमर उजाला एक्सक्लूसिव : पोस्ट मास्टर रिकॉर्ड और नकदी लेकर फरार, 1500 खाताधारक परेशान
डाकघर में तैनात पोस्ट मास्टर वह अपने आरआईसीटी डिवाइस, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के मोबाइल, सोलर पैनल व खाताधारकों के लेनदेन सहित अन्य महत्वपूर्ण कागजात भी ले गया है। अब तक उसका पता नहीं चल सका है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बागपत में खेड़की गांव के डाकघर में तैनात पोस्ट मास्टर नौ हजार की नकदी और खाताधारकों के लेनदेन सहित अन्य महत्वपूर्ण कागजात लेकर दो माह से फरार है। इससे जहां डाकघर में संचालित सरकारी योजनाएं ठप पड़ी हुई है, वहीं अब तक 23 लाख रुपये का लेनदेन कार्य प्रभावित हो चुका है। मामला उजागर हुआ तो विभागीय अफसरों ने पोस्ट मास्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज तो करा दिया, लेकिन अभी भी अधिकांश योजनाओं से संबंधित कार्य बंद पड़े हुए है। इससे 1500 खाताधारक परेशान है।
खेड़की गांव के डाकघर से 1500 से अधिक खाताधारक जुड़े हुए है, जिन्होंने यहां बचत खाता, भविष्य निधि खाता, मासिक खाता, समृद्धि कन्या योजना खाता, मासिक आय योजना सहित अन्य खाते खुलवा रखे है। इसके अलावा गांव के बहुत से लोग डाक, रजिस्ट्री, बुकिंग सहित अन्य कार्य भी डाकघर से करते है। करीब दो माह से डाकघर में ज्यादातर कार्य ठप पड़े है, क्योंकि यहां तैनात पोस्टमास्टर राजेश कुमार विभागीय रिकार्ड, डाकघर में रखी 9031 की नकदी लेकर फरार हो गया था।
वह अपने आरआईसीटी डिवाइस, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के मोबाइल, सोलर पैनल व खाताधारकों के लेनदेन सहित अन्य महत्वपूर्ण कागजात भी ले गया है। अब तक उसका पता नहीं चल सका है। इससे डाकघर में भविष्य निधि, बचत खाता, मासिक बचत खाता सहित डाक वितरण कार्य ठप पड़े हैं। विभागीय रिकार्ड के अनुसार डाकघर में प्रतिदिन 50 हजार से अधिक का लेनदेन होता है। पोस्ट मास्टर को फरार हुए दो माह का समय बीत चुका है, ऐसे में अब तक 23 लाख से अधिक का लेनदेन का कार्य प्रभावित हो चुका है।
मुकदमा दर्ज, नहीं लौटा पोस्ट मास्टर
14 दिसंबर 2021 को पोस्टमास्टर राजेश कुमार हुआ था। जैसे ही यह मामला उजागर हुआ तो विभागीय अफसरों में हड़कंप मच गया। मामला बढ़ता देख सहायक अधीक्षक बड़ौत अजय कुमार जैन ने 24 दिसंबर 2021 को पोस्ट मास्टर राजेश कुमार के खिलाफ बागपत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। मगर, पोस्ट मास्टर राजेश अभी तक नहीं लौटा।
गबन की आशंका, सीओ बागपत कर रहे जांच
मुख्य डाकघर बागपत के पोस्टमास्टर अशोक शर्मा ने बताया कि राजेश कुमार अपने साथ कई विभागीय कागजात भी ले गए है। उनके जाने के बाद से ही डाकघर की तिजौरी पर भी ताला लगा है। गबन की आशंका प्रबल हो रही है। इस मामले में बागपत कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है, इसलिए विभाग की ओर से तिजौरी को खोला नहीं जा सकता है। बताया कि इस मामले की जांच सीओ बागपत कर रहे है।
खेड़की गांव के डाकघर पर तैनात पोस्ट मास्टर विभागीय रिकार्ड, नकदी सहित अन्य महत्वपूर्ण कागजात लेकर फरार हो गए है। अभी तक वह वापस नहीं लौटा। इस मामले में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। फिलहाल खाताधारकों की परेशानियों को देखते हुए डाक वितरण का कार्य शुरू करा दिया है, अन्य कार्य अभी ठप पड़े हुए है। - अशोक शर्मा, पोस्ट मास्टर, मुख्य डाकघर बागपत
मेरे पास हाल ही में खेड़की डाकघर के मामले की फाइल आई है। विधानसभा चुनाव की वजह से व्यस्तता चल रही थी। अब मामले की जांच में तेजी लाई जा रही है। डाक विभाग के अधिकारियों से भी संपर्क साधा गया है। - अनुज कुमार, सीओ बागपत