Meerut: घर के बाहर खेल रहे मासूमों के उपर से गुजर गई ऑल्टो कार, सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
गढ रोड़ स्थित भावनपुर थाना के शिव शक्ति विहार निवासी पांच साल की माही प्रजापति और छह साल का विवान अपने घर के पास रास्ते में खेल रहे थे। इसी बीच एक आल्टो कार चालक लापरवाही के साथ आया और दोनों मासूमों के ऊपर से गाड़ी को चढ़ाता हुआ गुजर गया। गनीमत रही कि दोनों मासूम मामूली रूप से चोटिल हुए थे। जिनको उपचार के बाद घर भेज दिया गया। वहीं यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
विस्तार
जयभीमनगर के शिव शक्ति विहार निवासी सुमित प्रजापति पेशे से मजदूरी का काम करते हैं। उनका पड़ोसी राजकुमार जाटव भी मजदूरी करता है। शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सुमित प्रजापति की पांच साल की बेटी माही और राजकुमार का छह साल का बेटा विवान घर के बाहर रास्ते में खेल रहें थे। इसी बीच उमेश गुप्ता चाऊमीन वाले के मकान में किराए पर रहने वाले बादल पुत्र जितेंद्र (26) लापरवाही के साथ आल्टो कार लेकर आया और रास्तें में खेल रहें दोनो मासूम बच्चो के ऊपर चढ़ाते हुए निकल गया।
बच्चों के ऊपर गाड़ी चढ़ती देख मचाया शोर
शिव शक्ति विहार निवासी माही प्रजापति और विवान के उपर रास्ते में खेलने के दौरान आल्टो कार को चढ़ता देख आसपास के लोगों ने काफी शोर मचाया, लेकिन तब तक गाड़ी आगे निकल चुकी थी। जिसके बाद आसपास के लोगों ने कार चालक बादल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। लेकिन कुछ समय के बाद बच्चों के परिजनों ने कोई भी कानूनी कार्यवाही करने से इंकार करते हुए मामला शांत कराया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
रास्ते में खेल रहे माही और विवान के उपर आल्टो कार चढ़ने के दौरान हुए हादसे का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था। जो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल, तो इसका संज्ञान लेते हुए एसपी देहात अभिजीत कुमार ने भावनपुर थाना पुलिस को शीघ्र मुकदमा दर्ज करने के साथ वैधानिक कार्यवाही के आदेश जारी किए।