प्रदुषण का असर: बिजनौर में दिसंबर की सभी खेल प्रतियोगिताएं स्थगित, डीएम का सख्त निर्देश
बिजनौर जिला प्रशासन ने खराब वायु गुणवत्ता और बढ़ते प्रदूषण के चलते दिसंबर 2025 की सभी खेलकूद प्रतियोगिताओं को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि यह निर्णय सुप्रीम कोर्ट और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों के आधार पर लिया गया है।
विस्तार
बिजनौर जनपद में दिसंबर 2025 माह में आयोजित सभी प्रकार की खेल-कूद प्रतियोगिताओं को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने यह निर्णय खराब वायु गुणवत्ता और बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए लिया है। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश से प्राप्त पत्र के आधार पर यह कदम उठाया गया है।
उन्होंने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय एवं वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग नई दिल्ली के निर्देशों के अनुपालन में किसी भी स्तर पर कोई भी खेल गतिविधि आयोजित नहीं की जाएगी। डीएम ने स्पष्ट किया कि विद्यालय, महाविद्यालय, संस्थान, क्लब और खेल संघों द्वारा प्रस्तावित सभी प्रतियोगिताएं तत्काल प्रभाव से स्थगित की जाएं।
यह भी पढ़ें: नीला ड्रम केस: बैग में शव नहीं समाया तो काटकर ड्रम में भरा सीमेंट, कोर्ट में 4 घंटे चली विवेचक की गवाही
इसकी सूचना प्रतिभागियों एवं अभिभावकों तक तुरंत पहुंचाई जाए। उन्होंने जिले के समस्त एसडीएम, जिला स्तरीय अधिकारियों एवं जिला क्रीड़ाधिकारी को इन आदेशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
परिषदीय स्कूलों की जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता भी टली
परिषदीय स्कूलों की दिसंबर माह में होने वाली जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता भी स्थगित हो गई है। वजह, सर्वोच्च न्यायालय एवं वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग नई दिल्ली के निर्देश पर जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। वहीं जनवरी माह के पखवाड़े में स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाओं का ग्रीष्मावकाश चलेगा। उसके बाद ही प्रतियोगिताएं होने की संभावना है।
उधर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कसाना ने बताया कि परिषदीय स्कूलों की दिसंबर माह में होने वाली खेलकूद प्रतियोगिताएं अग्रिम आदेश तक स्थागित कर दी गई है।