कार्रवाई: स्कूटी छोड़ने के मामले में तीन पुलिसकर्मी निलंबित, वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी थी दबिश की सूचना
तमंचा बरामद कर थाने से स्कूटी छोड़ने के मामले में एसएसपी ने किठौर थाने के हेड कांस्टेबल समेत तीन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई है। जांच में सामने आया कि वरिष्ठ अधिकारियों को दबिश की सूचना नहीं दी गई थी।
विस्तार
मेरठ में किठौर पुलिस पर बड़ी कार्रवाई हुई है। तमंचा बरामद कर थाने से स्कूटी छोड़ने के मामले में एसएसपी ने किठौर थाने के हेड कांस्टेबल चौबे सिंह, कांस्टेबल ओमवीर और चालक अनिल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। तीनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के भी आदेश दिए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों को दबिश की सूचना न देने सहित अन्य लापरवाही मिलने पर निलंबन किया गया है।
राधना इनायतपुर निवासी फिरोज पुत्र खालिद ने गुरुवार को एसएसपी कार्यालय में शिकायत की थी। इसमें उसने बताया था कि बुधवार दोपहर वह काम से लौटा और स्कूटी अपने घेर में खड़ी कर दी। रात करीब 8:30 बजे थाने के तीन पुलिसकर्मी उसके घर पहुंचे।
दरवाजा खोलते ही पुलिसकर्मियों ने उसकी मां से स्कूटी चोरी की बताते हुए चाबी मांगी। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने स्कूटी पर तमंचा रखकर उसका वीडियो बनाया। इसके बाद स्कूटी अपने साथ ले गए। यह घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
पीड़ित का आरोप है कि स्कूटी को छोड़ने की एवज में पुलिसकर्मियों ने एक लाख रुपये मांगे। बाद में 50 हजार रुपये वसूलकर स्कूटी उसके रिश्तेदारों को सौंप दी। फिरोज ने फर्जी मुकदमा दर्ज कराने की आशंका जताकर एसएसपी से आरोपी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की थी।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने मामले की जांच एसपी देहात कमलेश बहादुर को जांच सौंपी थी। शुक्रवार शाम इस मामले में एसएसपी ने हेड कांस्टेबल चौबे सिंह, कांस्टेबल ओमवीर और चालक अनिल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
तमंचा हुआ बरामद, लेकिन विधिपूर्वक नहीं की गई कार्रवाई
एसएसपी ने तीनों पुलिसकर्मियों के निलंबन के आदेश में माना है कि इन्होंने घेर में खड़ी स्कूटी से अवैध शस्त्र बरामद किया, लेकिन इस बारे में वरिष्ठ अधिकारियों को कोई सूचना नहीं दी। न ही विधिपूर्वक तरीके से अग्रिम कार्रवाई की। यह कर्तव्य के निर्वहन में लापरवाही है। इससे पुलिस की छवि धूमिल हुई है।
मामले में ऑडियो भी वायरल
शुक्रवार को इस मामले से संबंधित बताया जा रहा एक ऑडियो भी वायरल हो गया। इसमें स्कूटी को लेकर बातचीत की जा रही है। पहला व्यक्ति दूसरे से पूछ रहा है कि तुम्हारी ओमबीर से क्या बात हुई। दूसरा व्यक्ति कहता है कि मेरी कोई बात नहीं हुई। इस पर पहला व्यक्ति फिर पूछता है कि तुम स्कूटी लेकर नहीं गए। इस पर दूसरा कहता है कि स्कूटी किठौर का रहने वाला शोएब लेकर गया है।
शोएब ने कहा है कि तुम्हारी अमानत मिल जाएगी। इसके बाद पहला व्यक्ति तस्दीक करने के लिए पूछ रहा है कि अभी अमानत मिली नहीं है, मिल जाएगी। बात करने वाले दोनों व्यक्ति कौन हैं, इसकी भी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि पुलिसकर्मियों तमंचा बरामद किया, लेकिन न तो वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और न ही विधिपूर्वक कार्रवाई की। जिसमें लापरवाही मानते हुए तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।