Accident: जिंदा जल गया सिपाही दंपती, तीन सड़क हादसों में गई सात लोगों की जान
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में अलग अलग हुए तीन सड़क हादसों में सात लोगों की एक ही दिन में माैत हो गई। कहीं ओवरलोडेड ट्रक हादसे का सबब बना तो कहीं तेज रफ्तार माैत बनकर आई।
विस्तार
मुजफ्फरनगर जनपद में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर तीन अलग-अलग हादसों में सिपाही दंपती समेत सात लोगों की मौत हो गई। सिपाही दंपती की बाइक ट्रक के नीचे फंस गई, इसी दौरान आग लग जाने से दोनों जल गए। नई मंडी और मंसूरपुर थाना क्षेत्र में हादसे हुए।
सहारनपुर के सरसावा क्षेत्र के रहने वाले मृतक दंपती सुधीर और सोनिया यूपी पुलिस में सिपाही थे। मंगलवार सुबह वह बिलासपुर कट के पास खड़े थे। देहरादून की ओर से आए अनियंत्रित ट्रक ने दंपती को कुचल दिया। ट्रक बाइक को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया और हाईवे किनारे खड़े पेड़ से टकराया। इस दौरान पहले बाइक में आग लगी और फिर ट्रक ने भी आग पकड़ ली। दोनों की मौत हो गई।
सोमवार रात नई मंडी थाना क्षेत्र के अलमासपुर निवासी तीन दोस्त दक्ष, सौरभ पाल और अर्पण बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर से खतौली जा रहे थे। उनकी बाइक आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। तीनों गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराए, मंगलवार को तीनों की मौत हो गई।
उधर, शहर के रामपुरी निवासी संदीप वर्मा और हनुमान चौक निवासी ईश्वर दयाल एक विक्की पर सवार होकर हाई से गुजर रहे थे। इस बीच सुबह करीब 11 बजे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसें में दोनों की मौत हो गई।