Meerut: बलेनो कार ने मारी टक्कर, सड़क पर गिरते ही मां-बेटी को डंपर ने कुचला, बाइक से बुलंदशहर जा रहा था परिवार
मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के बिजली बंबा जैनपुर गांव के पास एक डंपर की टक्कर से हादसा हो गया। बुलंदशहर जा रहे क्लर्क की पत्नी और बेटी की दर्दनाक माैत हो गई।
विस्तार
हादसा बलेनो कार चालक की गलती के कारण हुआ। बलेनो से बाइक में टक्कर लगने के बाद सड़क पर गिरी मां-बेटी को पीछे से आ रहे डंपर ने कुचल दिया। पत्नी और बेटी को बाइक से बुलंदशहर लेकर जा रहे थे।
यह भी पढ़ें: BKU Protest: मेरठ के परतापुर थाने पर 18 घंटे से डटे किसान, भाजपा पर लगाए आरोप, दिल्ली रोड किया जाम
जानकारी के मुताबिक माधवपुरम सेक्टर निवासी सचिन राजपूत दिल्ली सुप्रीमकोर्ट में एडवोकेट के चैंबर पर काम करते हैं। शनिवार को वह बाइक पर पत्नी वर्षा और बेटी आकृति को लेकर बुलंदशहर जा रहे थे।
बिजली बंबा बाईपास पर गांधी इंटरनेशनल स्कूल के सामने अचानक तेज स्पीड में आई बलेनो कार ने बाइक में साइड मार दी। बाइक सड़क पर गिर गई। सचिन साइड में जा गिरे। वर्षा और आकृति बीच सड़क पर गिर गईं। इस बीच पीछे से आ रहे डंपर ने वर्षा और आकृति को कुचल दिया। दोनों की मौके पर मौत हो गई।
लोगों ने डंपर चालक को पकड़ लिया जबकि बलेनो कार चालक भाग गया। सूचना पर ब्रह्मपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बलेनो कार चालक को पकड़ने के लिए सीसीटीवी की फुटेज देखी जा रही है। वहीं मां-बेटी की मौत से परिवार कोहराम मच गया।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।