हादसा: मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर किनारे खड़े ट्रक में कैंटर ने मारी टक्कर, दो की मौत, एक गंभीर
मेरठ बुलंदशहर हाईवे पर फफूंडा कट के पास देर रात सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से तेज गति से आ रहा कैंटर घुस गया। हादसे में ट्रक व कैंटर दोनों के क्लीनर की मौत हो गई। कैंटर चालक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर सोमवार देर रात एक भीषण हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, वहीं शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए।
जानकारी के अनुसार हापुड़ की ओर से आ रहे ट्रक में धान लदा था। रस्सा ढीला होने के कारण ट्रक का क्लीनर ट्रक को हाईवे पर ही फफूंडा के नजदीक सड़क किनारे खड़ा कर लिया। ट्रक क्लीनर नानक(27) पुत्र घनश्याम निवासी चासी थाना नर्सेना बुलंदशहर ट्रक का रस्सा खींचने लगा। तभी हापुड़ की ओर से तेज गति से आ रहा कैंटर खड़े ट्रक में घुस गया।
यह भी पढ़ें: कैसे हो विकास: 20 साल की गारंटी वाली सड़कों का सपना टूटा, नहीं मिले ठेकेदार, गड्ढे तक न भर पाया निगम
हादसे में रस्सा खींच रहे ट्रक के क्लीनर नानक व कैंटर के क्लीनर परवेज (28) निवासी संभल दोनों की मौके पर ही मौत हो गई और कैंटर चालक निवासी फैजान पुत्र मोहम्मद इमरान निवासी मोहल्ला रुकमुद्दीन सराय थाना नकाशा संभल की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसा इतना भीषण था कि कैंटर का पूरा केबिन ट्रक में घुस गया। दोनों वाहनों को क्रेन बुलाकर अलग करना पड़ा उसके बाद ही कैंटर के क्लीनर के शव को बाहर निकाले जा सके।
पुलिस ने मृतकों व घायल के परिजनों को सूचित कर दिया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए गए। घायल ट्रक चालक की हालत गंभीर बताई गई है। उसे मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।