UP: एक और मासूम बच्ची का अपहरण, जिले से आठ नाबालिग लापता, फिर भी नींद से नहीं जाग रहे पुलिस अफसर
Meerut News : जिले में एक और मासूम बच्ची का अपहरण हो गया है। शहर से आठ नाबालिग बच्चे लापता हैं लेकिन, इसके बावजूद भी पुलिस नींद से नहीं जाग रहे हैं।
विस्तार
मेरठ जनपद के परीक्षितगढ़ में नारंगपुर निवासी अजयपाल की पुत्री शिवांगी उर्फ कबूतरी (6) का अपहरण कर लिया गया। शुक्रवार दिनभर परीक्षितगढ़ के गांवों में पुलिस ने नाले, तालाब और कुएं तक में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन बच्ची नहीं मिली। वहीं, अनहोनी की आशंका जताते हुए ग्रामीणों ने हंगामा किया। पुलिस ने आश्वासन दिया कि बच्ची को जल्द सकुशल बरामद किया जाएगा।
गांव निवासी अनुसूचित जाति के अजयपाल गांव के ही प्रवीण शर्मा के कोल्हू पर काम करते हैं। यहीं पर झोपड़ी डालकर परिवार के साथ रहते हैं। अजयपाल के एक बेटा और एक बेटी है। बृहस्पतिवार दोपहर बेटी शिवांगी गांव के पास ही एक किराना की दुकान से दाल लेने गई थी, लेकिन शाम तक नही लौटी। इसके बाद परिवार के लोगों ने नारंगपुर व आसपास उसकी काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का सुराग नहीं लगा। देर रात पीड़ित परिवार ने परीक्षितगढ़ पुलिस को इसकी जानकारी दी।
शुक्रवार सुबह एसपी देहात अनिरुद्ध सिंह और सीओ किठौर रूपाली राय पुलिस टीम के सथि कोल्हू पर पहुंचे। टीम ने पिता अजयपाल और मां किरण से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ग्रामीणों को साथ लेकर बच्ची की तलाश शुरू की। नारंगपुर, शिवपुरी, अमरसिहपुर और गेसूपुर गांवों के जंगलों में बच्ची को ढूंढा गया, लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चला। इससे नारंगपुर के ग्रामीणों में रोष है।
यह भी पढ़ें: बिजनौर में हादसों का कहर: एक दिन में छह लोगों की मौत, हर तरफ मचा कोहराम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
पहले किट्टू और अब शिवांगी हुई अगवा
पहले पांच साल की किट्टू और अब छह साल की शिवांगी अगवा हो गई। दोनों बच्चियों को कहां पर छोड़ा गया या उनके साथ अनहोनी हो गई। इसका अब तक पता नहीं चला है। जिले में आठ नाबालिग लड़कियां लापता हैं। बच्चियों के अपहरण का मामला बेहद गंभीर है, बावजूद पुलिस की नींद नहीं टूट रही है। चार जनवरी 2023 को टीपीनगर के मुल्ताननगर निवासी धीरेंद्र सिंह की पांच साल की बेटी मानवी उर्फ किट्टू लापता हो गई थी। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखा गया कि एक युवक आता है और बच्ची को गोद में उठाकर ले जाता है।
डेढ़ महीना बीतने के बावजूद भी किट्टू का पुलिस सुराग नहीं लगा सकी। पुलिस के मुताबिक, 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे, करीब एक हजार संदिग्ध मोबाइल नंबरों से छानबीन की गई, लेकिन बच्ची का पता नहीं लगा। यह मामला अभी ठंडा हुआ नहीं कि नारंगपुर से छह साल की शिवांगी लापता हो गई। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, एक जनवरी से 15 फरवरी तक आठ नाबालिग लापता चल रही हैं।
यह भी पढ़ें: UP: मदनी के बयान से आक्रोश, स्वामी यशवीर महाराज बोले- देवबंद के लिए करेंगे कूच, मौलाना से मांगेंगे जवाब
बच्ची के अपहरण का मुकदमा परीक्षितगढ़ थाने में दर्ज कर लिया गया है। बच्ची की तलाश में पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सभी बिंदु पर जांच कर रही है। नारंगपुर और आसपास के गांव में पुलिस का तलाशी अभियान जारी। जल्द बच्ची को सकुशल बरामद करने का प्रयास कर रहे हैं। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी