मेरठ में मुठभेड़: पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल, बताए साथियों के नाम, एटा में की थी चोरी की वारदात
Meerut News : मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। बदमाश ने पूछताछ में अपने साथियों के नाम बताए हैं।
विस्तार
मेरठ के दौराला में सरधना रोड पर सोमवार देर रात पुलिस की एक बदमाश से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने बदमाश को सीएचसी दौराला में उपचार दिलाया।
दौराला थाना प्रभारी संजय कुमार शर्मा ने बताया कि सोमवार देर रात दौराला पुलिस सरधना रोड पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बाइक पर एक युवक पुलिस को सरधना की ओर से आता दिखा। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार बाइक छोड़कर भागने लगा। पुलिस के पीछा करने पर मछरी गांव के रजबहे के पास बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम मोहल्ला भूतेश्वर कासगंज निवासी मानपाल पुत्र अशरफी बताया। बदमाश ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ बीती 23 अगस्त को सरधना रोड पर एक्सिस बैंक का एटीएम काटने का प्रयास किया था, लेकिन पुलिस के गश्त करते हुए आ जाने के कारण वह अपनी कार छोड़कर भाग निकले थे। पुलिस ने आरोपी से उसके साथियों के बारे में जानकारी ली। घायल बदमाश को पुलिस ने सीएचसी दौराला में उपचार दिलाया। पकड़े गए बदमाश के पास से पुलिस ने एक तमंचा दो कारतूस बरामद किए।
यह भी पढ़ें: सम्राट मिहिर भोज विवाद: गुर्जर समाज ने बिना अनुमति निकाली यात्रा, करणी सेना विरोध पर अड़ी, हुई कार्रवाई
एटा में एटीएम काटकर 26 लाख किए थे चोरी
पकड़े गए कासगंज निवासी बदमाश मानपाल ने अपने साथियों के साथ एटा में भी एटीएम काटकर 26 लाख चोरी किए थे। पकड़े जाने के बाद पुलिस ने बदमाश के पास से साढ़े छह लाख रुपये बरामद किए थे और बदमाश को जेल भेज दिया था।
यह भी पढ़ें: मिहिर भोज विवाद: बिना अनुमति यात्रा पर कार्रवाई, सपा विधायक अतुल प्रधान समेत कई हिरासत में, पुलिस लाइन भेजे