मेरठ। 20 दिसंबर को हुए उपद्रव में मेरठ पुलिस ने अपने बचाव में 400 राउंड गोलियां चलाई थीं। एसएसपी अजय साहनी ने बृहस्पतिवार को शासन को भेजी उपद्रव की रिपोर्ट में यह जानकारी दी है।
एसएसपी ने अपनी रिपोर्ट में थाना ब्रह्मपुरी, लिसाड़ीगेट, कोतवाली व नौचंदी में दर्ज कराए मुकदमों का जिक्र किया है। रिपोर्ट के मुताबिक सीओ दौराला जितेंद्र सरगम ने एंटी राइट गन और प्लास्टिक पैलेट के 50-50 राउंड, इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट प्रशांत कपिल ने एंटी राइट गन से 27 राउंड, दरोगा मुबारक अली ने एंटी राइट गन से 20 और सिपाही ललित कुमार ने दस राउंड फायरिंग की। इसके अलावा कई राउंड गोलियां चलाई गईं। सीओ ब्रह्मपुरी, इंस्पेक्टर परतापुर, इंस्पेक्टर नौचंदी समेत कई पुलिसकर्मियों ने भी इसकी रिपोर्ट तैयार की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लिसाड़ीगेट और ब्रह्मपुरी में उपद्रवियों द्वारा पुलिस टीम पर गोलियां चलाईं गईं थीं। इस दौरान पुलिस ने बचाव में हवाई फायरिंग की थी। भीड़ वहां गिरे कारतूस उठाकर ले गई थी, इसका भी मुकदमा दर्ज हुआ है। एसएसपी ने बताया कि 20 दिसंबर को उपद्रव से जुड़े सभी मुकदमों की जानकारी शासन को भेजी गई है। उपद्रवियों के खिलाफ की गई कार्रवाई और उनके चिह्नित फोटो व वीडियो की सीडी भी रिपोर्ट के साथ भेजी है।