Meerut News: 18 लाख की ठगी, एसएसपी आफिस पर रोया बैंड मास्टर, बेटियों की शादी के लिए एकत्रित किए रुपये
लिसाड़ी गेट की जाकिर कॉलोनी निवासी गायक अब्दुल गफ्फार ने रिश्तेदारों पर 18 लाख रुपये ठगी करने का आरोप लगाया है। एक माह बाद उसकी बेटियों की शादी है। लेकिन रिश्तेदार उधार ली गई रकम लौटाने को तैयार नहीं हैं।
विस्तार
मेरठ के लिसाड़ी गेट की जाकिर कॉलोनी निवासी गायक अब्दुल गफ्फार ने रिश्तेदारों पर 18 लाख रुपये ठगी करने का आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र दिया। पीड़ित एसएसपी दफ्तर पर फूट-फूटकर रोया। उसने बताया कि दो बेटियों की शादी के लिए रुपये इकट्ठा किए थे। एसएसपी ने सीओ कोतवाली को जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया है।
पुलिस के मुताबिक, जाकिर कॉलोनी निवासी एवं बैंड मास्टर अब्दुल गफ्फार अपने परिवार के साथ एसएसपी आफिस पहुंचे। शिकायती पत्र देते हुए आरोप लगाया कि उसकी दो बेटियों की आगामी 26 फरवरी को शादी है।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: प्रदूषण का तेज हुआ वार...एक्यूआई 350 के पार, सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माण होंगे ध्वस्त
उसने बेटियों की शादियों के लिए 18 लाख रुपये जोड़ रखे थे। तीन महीने पहले उनके रिश्तेदारों ने स्क्रैप के कारोबार के लिए उनसे 18 लाख रुपये उधार लिए। अब वह अपने रुपये वापस मांग रहे हैं तो वह उन्हें रुपये देने से इनकार कर रहे हैं।
तीन बार उन्हें चेक भी दिए, जो बाउंस हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि अब वह उन्हें धमकी दे रहे हैं कि अगर उन्होंने पुलिस में शिकायत की तो वह उन्हें दुष्कर्म के झूठे केस में फंसा देंगे।
इसके बाद वह एसएसपी आफिस में फूट-फूटकर रोया। उसने कहा कि अगर उसके रुपये वापस नहीं मिले तो उसकी बेटी की शादी नहीं हो सकेगी। एसएसपी ने मामले की जांच सीओ कोतवाली को सौंपी है।