संवाद न्यूज एजेंसी मुहम्मदाबाद गोहना। नगर पंचायत में बंदरों का का उत्पात बढ़ गया है। शुक्रवार को कस्बा के भूलीपुर विजय स्तंभ चौक निवासी ज्ञानेश्वर विश्वकर्मा बंदरों के हमले से बचने के लिए ऊंचाई से छलांग लगा दी। घटना में उनके दोनों पैर टूट गए। परिजन उन्हें पास के निजी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने उपचार किया।
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि ज्ञानेश्वर मुहल्ला स्थित मंदिर परिसर में मौजूद थे। तभी अचानक बंदरों के झुंड ने उनपर हमला कर दिया। प्रदीप कुमार गुप्ता, ईश्वर दयाल सिंह सेठ, अनमोल साहू, अजय कुमार गुप्त, डॉ. इनामुल्लाह आदि लोगों ने बताया कि कस्बा में बंदरों की संख्या बेतहाशा बढ़ गई है। इस घटना को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने रोष जताया। अधिशासी अधिकारी देवेश मिश्र ने बताया कि इसके लिए टीम गठित कर कार्रवाई की जाएगी।