मऊ। घोसी नगर पंचायत के पट्टी मुहम्मद उर्फ काजीपुरा वार्ड संख्या छह में करीब पांच वर्ष पूर्व पाइप लाइन बिछाने के साथ नलकूप की स्थापना की गई, लेकिन अभी तक पाइपलाइन से जलापूर्ति शुरू नहीं की जा सकी है। नगर पंचायत प्रशासन की तरफ से सबमर्सिबल के सहारे पेयजलापूर्ति की जा रही है। वार्डवासियों ने नगर पंचायत कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया है।
नगर पंचायत घोसी के पट्टी मुहम्मद उर्फ काजीपुरा वार्ड संख्या छह की आबादी लगभग दो हजार है। नगर पंचायत प्रशासन की तरफ से पांच वर्ष पूर्व पाइपलाइन बिछाने के साथ ही नलकूप की स्थापना की गई थी। नगर पंचायत प्रशासन की तरफ से मुहल्ले में 10 सबमर्सिबल लगाया गया है, इसी के सहारे जलापूर्ति हो रही है। नगर के पट्टी मुहम्मद उर्फ काजीपुरा निवासी मोहिबुल का कहना था कि नगर पंचायत की ओर से वार्ड में कई स्थानों पर सबमर्सिबल लगाए गए हैं। आस पास के परिवारों को पानी तो मिल रहा है, लेकिन पूरी आबादी के लिए यह व्यवस्था नाकाफी साबित हो रही है। पट्टी मुहम्मद उर्फ कादीपुरा निवासी विशाल गौतम का कहना था कि गर्मी के दिनों में पेयजल का संकट हो जाता है। जिन परिवारों के आस पास सबमर्सिबल की सुविधा है, उन्हें किसी तरह पानी मिल जाता है, जबकि अन्य परिवारों को पानी के लिए दूसरे संसाधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। नगर पंचायत प्रशासन की तरफ से बिछाई गई पाइपलाइन शो पीस बनी है। अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार का कहना था कि पट्टी मुहम्मद उर्फ काजीपुरा में पेयजल के लिए बिछाई गई पाइप लाइन हमारे कार्यकाल के पूर्व की है। शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।