कोपागंज। गांगुवरी गांव में सोमवार को ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान तथा ब्लाक के जिम्मेदारों के विरुद्ध नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। वह भैरोपुर बस्ती में घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी को लेकर नाली निर्माण नहीं होने और गंदा पानी बीच सड़क मार्ग पर बहने पर नाराजगी जता रहे थे। ग्रामीणों ने चेताया कि समस्या का निदान नहीं होने पर ब्लाक मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गांगुवाबरी की भैरोपुर बस्ती की आबादी 750 है। बस्ती में जाने के लिए तो खड़ंजा मार्ग है लेकिन अभी तक नाली नहीं बनाई गई है। ऐसे में घरों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। जिसके चलते लोगो को आने जाने बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश में तो मार्ग पर पानी भर जाने से जीना मुश्किल होता है। ग्रामीणों का आरोप था कि कई बार समस्या के संबंध में ग्राम प्रधान से लेकर ब्लॉक मुख्यालय के जिम्मेदारों को लिखित तथा मौखिक शिकायत की गई। हर बार केवल आश्वासन मिलता है, लेकिन समस्या के निदान को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। प्रदर्शन करने वालों में हरिराम, निर्मला चौहान, जगरनाथ, प्रभुनाथ, रामानंद, देवला शिव कुमारी, मालती देवी, माधुरी देवी, कलावती देवी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।