कुसुम्हा। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के तीन घरों में गत दिवस हुई 32 लाख की चोरी का खुलासा करने के लिए पुलिस ने दो टीमों का गठन किया है। पुलिस की दो टीमें जगह-जगह छापेमारी कर रही हैं। अगल-बगल के घरों और चौराहों पर लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।
दोहरीघाट थाना क्षेत्र के फरसरा बुजुर्ग में दो घरों और चंदनपुर धनौली में एक घर से चोरों ने बीते शनिवार की रात 10 हजार नगदी समेत 32 लाख के गहने गायब कर दिए हैं। फरसरा बुजुर्ग में लल्लन राय के घर में चोर साड़ी की रस्सी बनाकर घुसे थे। चोरी की इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल हैं। लोग देर रात तक जाग कर अपने घरों की रखवाली कर रहे हैं। इस संबंध में पीड़ित श्रीप्रकाश राय, लल्लन राय, विनेद उपाध्याय और ग्रामीण कमलेश राय, अरविंद, चंद्रप्रभाकर, भरत आदि लोगों ने कहा कि क्षेत्र में हर माहीने छोटी-बड़ी चोरियों की घटना होती रहती हैं।लेकिन शनिवार को हुई इस बड़ी घटना से सभी अपने घरों की सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित हैं। क्षेत्रीय लोगों ने रात्रि में पुलिस की गश्ती बढ़ाने की मांग की है। वहीं इस संबंध में दोहरीघाट एसओ राजकुमार सिंह ने बताया कि चोरी का खुलासा करने के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। गली मुहल्लों की दुकानों और चौराहों पर लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। शातिर चोर जल्द ही पकड़े जाएंगे।