भाकपा व किसान सभा से जुड़े लोगों ने शेख हिसामुद्दीन के नेतृत्व में घोसी में मार्च निकालकर लखीमपुर खीरी में किसानों की मौत के विरोध में प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल को संबोधित छह सूत्रीय मांग पत्र सीओ नरेश कुमार सिंह को सौंपा। लखीमपुर खीरी में किसानों की हुई मौत से आक्रोशित भाकपा व किसान सभा से जुड़े लोगों ने मंगलवार को जैसे ही मधुबन मोड़ से अपना विरोध मार्च तहसील मुख्यालय के लिये निकाला वैसे ही कोतवाल संजीव कुमार दुबे के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने उन्हें आगे बढ़ने पर रोक दिया। इस दौरान किसान नेताओं व पुलिस के बीच तीखी नोंक झोंक भी हुई। मार्च निकाल रहे लोगों तहसील मुख्यालय पहुंचकर महामहिम राज्यपाल के नाम सम्बोधित अपना छ सूत्रीय मांग पत्र उपजिलाधिकारी को सौंपे जाने की मांग पर अड़े रहे। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे घोसी सीओ नरेश कुमार सिंह ने तहसील में एसडीएम व तहसीलदार के न होने की बात कहते हुए उनका ज्ञापन खुद लिया। सौंपे गए ज्ञापन में मंत्री पुत्र व उनके साथियों पर धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज करने, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी को मंत्री पद से बर्खास्त करने, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को घटना की साजिश रचने के आरोप में मुकदमा दर्ज करने, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने के साथ साथ पूरे घटनाक्रम की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराने व तीनों कृषि कानून वापस लेने की मांग की गई है। इस अवसर पर मुख्य रूप से शेख हिसामुद्दीन, गुफरान अहमद, उदय नारायन राय, कैलाश सिंह, अनीस अहमद, एकराम प्रधान, अखिलेन्द्र प्रताप यादव,मनीष चौराशिया, जयराम यादव, शेख फरहान, नसीम खान, वीरेंद्र चौरसिया, घनश्याम यादव, शकील पांडेय, मु0 आतिफ, जीशान, तेजू यादव, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।