कोपागंज। गायत्री परिवार मऊ की ओर से रविवार को प्राचीन गौरीशंकर मंदिर परिसर से नशा भारत छोड़ो व्यसन मुक्ति रैली निकाली गई। रैली को मुख्य अतिथि किसान नेता देवप्रकाश राय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि नशे की लत के कारण समाज में आए दिन परिवारों में कलह और टूटन की घटनाएं हो रही हैं। इसे रोकने के लिए सभी को आगे आना होगा। रैली प्राचीन गौरीशंकर मंदिर से निकलकर, थाना, सरकारी अस्पताल, जूनियर हाईस्कूल, पुराना कोपा, मेन चौक और भरत मिलाप होते हुए मंदिर परिसर में पहुंची। नशे का अंत बड़ा दुखदाई... और पिटती नारी, बिकते जेवर, छोड़ शराबी अपने तेवर... जैसे नारों से लोगों को जागरूक किया गया।
गोष्ठी में शांतिकुंज हरिद्वार के केंद्रीय प्रतिनिधि डॉ. डी पटेल ने कहा कि शराब, गांजा, भांग, तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, चरस और अफीम जैसे नशीले पदार्थ शरीर, मन और धन को बर्बाद कर रहे हैं। सभी को मिलकर नशे को समाज से दूर करने का संकल्प लेना चाहिए। इस दौरान डॉ. रामसुख यादव, योगेंद्र चौधरी, पुष्पा सिंह, प्रमोद राय, जितेंद्र सिंह, मनोज सोनकर, रामनिवास मौर्य, सुनील राय मौजूद रहे।