मऊ। होली के एक दिन पूर्व रविवार को सुबह से रात तक होली का हुड़दंग रहा। शहर और गांवों तक चौराहों और नुक्कड़ों पर लोग एक दूसरे को रंग गुलाल से सराबोर करते नजर आए। फैक्ट्रियों में कर्मचारियों ने एक दूसरे को रंग गुलाल लगाया। जगह-जगह होली गीतों पर युवा थिरकते नजर आए।
होली के चलते रविवार को भी सभी दुकानें खुली रहीं। इसके चलते लोगों ने देर रात तक कपड़े, रंगों और खाने पीने के सामान की खरीदारी की। दुकानों पर भीड़ लगी रही। पूरे दिन शहर, बाजार, चट्टी चौराहों पर खासी चहल पहल रही। सबसे अधिक बिक्री रंग-गुलाल, पिचकारियों, मास्क और रंगबिरंगे बालों वाले बिग की हुई। चमकदार और गहरे हरे, पीले और नीले रंग के गुलाल के खरीदार ज्यादा ही थे। घरों में गृहिणियां मिष्ठान, पकवान और गुझिया़ बनाने में जुटी रहीं। बच्चे सुबह से ही हमजोलियों के साथ होली की मस्ती में लगे रहे। शहर के चौराहों और नुक्कड़ों पर युवा होली गीतों पर थिरक रहे थे और एक दूसरे के चेहरे पर रंग लगा रहे थे। वहीं शराब के नशे में कई लोग होली खेलते नजर आए। इस दौरान युवाओं ने रंगों से सराबोर होकर सेल्फी ली। साथियों के साथ अबीर गुलाल उड़ा कर भी मोबाइल से फोटो खींचा।