लापरवाही की हद: किशोर ने सीने का कराया था एक्सरे, दे दी गई पैर की रिपोर्ट; डॉक्टर के भी उड़े होश
Mau News: मऊ जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिला अस्पताल के एक्सरे अनुभाग में एक किशोर ने सीने का एक्सरे कराया था, लेकिन उसे पैर की रिपोर्ट दे दी गई।
विस्तार
चिकित्सक ने उसे दोबारा एक्सरे कराने के लिए कहा। इसके बाद वह किशोर अपनी मां के साथ फिर पहुंचा। मामला उजागर होने पर वहां लोगों की भीड़ लग गई, जिसके बाद आनन-फानन में दोबारा एक्सरे किया गया। कुछ मरीजों के साथ आए तीमारदारों ने बताया कि जांच के बाद उन्हें जो फिल्म दी गई, वह पूरी तरह खाली थी।
क्या बोले डॉक्टर
गलत एक्सरे जांच रिपोर्ट के बारे में उन्हें जानकारी हुई है। उसकी जांच कराई जा रही है। जिला अस्पताल में कुल आठ स्ट्रेचर से काम चल रहा है। चार स्टॉक में हैं और चार का ऑर्डर दिया गया है। सड़कों की खराब स्थिति के कारण स्ट्रेचर के पहिए अक्सर टूट जाते हैं। विभिन्न अनुभागों की दूरी भी समस्या है। स्ट्रेचर का उपयोग सीटी स्कैन, एक्सरे, ट्रामा विंग, इमरजेंसी के दोनों तल और ओपीडी में किया जाता है। -डॉ. धनंजय कुमार, सीएमएस जिला अस्पताल
स्ट्रेचर नहीं मिलने पर घायल दंपती का हंगामा
जिला अस्पताल में शुक्रवार को मरीजों के उपचार में लापरवाही को लेकर जमकर हंगामा हुआ। नगर के रोज गार्डन स्थित रामनगर कॉलोनी निवासी दंपति सौरभ पांडेय और सपना पांडेय ने बताया कि दो दिन पहले दोनों मार्ग दुर्घटना में घायल हो गए थे। उसी दिन जब जिला अस्पताल लाया गया तो स्ट्रेचर नहीं होने के कारण एंबुलेंस के बिना स्टैंड वाले स्ट्रेचर से वार्ड में लाया गया।
शुक्रवार को मेडिकल के लिए बुलाया गया, जहां दो घंटे के इंतजार के बाद भी स्ट्रेचर नहीं मिला और चिकित्सक ने दूसरे दिन आने के लिए कह दिया। इसके बाद एंबुलेंस में बैठे दंपती नाराज हो गए। उनका आरोप है कि स्ट्रेचर नहीं होने का बहाना बनाया गया और बाद में अस्पताल बंद होने का हवाला देकर दूसरे दिन आने को कहा गया। उन्होंने बताया कि पहले दिन जब वे आए थे, तब स्ट्रेचर पूरी तरह बदहाल था। अस्पताल में व्हीलचेयर तक उपलब्ध नहीं है। एक तीमारदार ने बताया कि एक चिकित्सक ने परामर्श के बाद 1250 रुपये की दवा बाहर से लिख दी।