मऊ। सरकार की निजीकरण नीति को किसी भी हाल में लागू नहीं होने दिया जाएगा। निजीकरण और शोषण एक सिक्के के दो पहलू हैं। निजीकरण के खिलाफ हड़ताल पर जाने के लिए तैयार रहना होगा। ये बातें आल इंडिया यूनियन बैंक आफिसर्स फेडरेशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष गिरधर गोपाल ने रविवार को नगर के भुजौटी स्थित एक प्लाजा में आयोजित सम्मेलन और स्वागत समारोह में कहीं।
इस दौरान बलिया, देवरिया और मऊ के बैंक अधिकारियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम में गिरधर गोपाल ने कहा कि अधिकारियों को अपने हक और अधिकारों के प्रति सचेत रहना होगा। वे अपने कार्य और हक से कोई भी समझौता न करें। बैंक अधिकारियों के मान मर्यादा के लिए वह हमेशा पहली पंक्ति में खड़े मिलेंगे। कहा कि खुद को सुरक्षित रखने के साथ ही अपने बैंक का भी ध्यान देना जरूरी है। अब सोशल मीडिया के माध्यम से मानीटरिंग की जा रही है। कोई भी अधिकारी सुबह आठ बजे से पहले और आठ बजे के बाद किसी तरह का मेसेज करता है तो इसे कतई रिसीव न करें। कहा कि मऊ उनकी विजय भूमि है। यहां के सहयोग से प्रथम बार 2016 और 2019 में पूर्वी उत्तर प्रदेश का महामंत्री बनने का अवसर मिला। जिस कारण आज वह इस मुकाम पर पहुंचे हैं। मुख्य अतिथि मुख्य प्रबंधक, नरईबांध शाखा मनोज कुमार, शिव दयाल मिश्र, पूर्वी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष दीपक चौधरी, अभय कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्रीय सचिव पंकज सिंह ने संबोधित किया। इस अवसर पर अजय पंडित, अरविंद यादव, अविनाश कुमार, इंद्रजीत कुमार, अभिषेक कुमार श्रीवास्तव आदि शामिल रहे। संचालन क्षेत्रीय सचिव जितेंद्र शर्मा और पुनीत ने किया।