मऊ। नगर के सहादतपुरा स्थित मैदान पर बृहस्पतिवार को प्रवीण क्रिकेट क्लब और स्टार क्रिकेट अकादमी के बीच 30-30 ओवरों का मुकाबला खेला गया। जिसमें प्रवीण क्रिकेट क्लब ने स्टार क्रिकेट अकादमी को चार विकेट से हराया। टॉस जीतकर प्रवीण क्रिकेट क्लब ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए स्टार क्रिकेट अकादमी की टीम ने निर्धारित 30 ओवरों में 234 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आदित्य ने 57 रन और शुभम ने 41 रन बनाए, जबकि श्रेयांश ने 39 और रुद्र ने 25 रनों का योगदान दिया। स्टार क्रिकेट अकादमी के इस बड़े स्कोर में प्रवीण क्रिकेट क्लब की तरफ से दिए गए 39 अतिरिक्त (एक्सट्रा) रनों का भी काफी अहम योगदान रहा। प्रवीण क्रिकेट क्लब के गेंदबाजों में शुभम, आदर्श और पवन ने 2-2 विकेट झटके, वहीं सक्षम और दर्श को 1-1 विकेट मिला। 235 रनों का पीछा करने उतरी प्रवीण क्रिकेट क्लब की शुरुआत भी शानदार रही। टीम की ओर से राजवीर ने 77 रनों की बेहतरीन पारी खेली। प्रवीण क्रिकेट क्लब ने 29वें ओवर में ही 6 विकेट खोकर 236 रन बनाते हुए मुकाबला 4 विकेट से अपने नाम कर लिया। स्टार क्रिकेट अकादमी की तरफ से गेंदबाजी करते हुए शुभम और कौस्तुभ ने 2-2 विकेट, जबकि आदित्य और विवेक ने 1-1 विकेट हासिल किया। इस मैच में यश और आर्यन ने अंपायरिंग की भूमिका निभाई, जबकि अमित ने स्कोरर का दायित्व संभाला।