जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण)विभाग द्वारा संचालित पेयजल योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई।बैठक के दौरान जल निगम के अधिशासी अभियंता एमए किदवई ने बताया कि जनपद मऊ में नामित कार्यदायी संस्था एल.सी. इंफ्रा, अहमदाबाद को कुल 461 राजस्व ग्रामों में हर घर नल योजना के निर्माण कार्य का लक्ष्य आवंटित है।
कार्यदायी संस्था द्वारा कुल 180 पेयजल योजनाओं का डीपीआर राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन को भेजा गया, जिनमें से राज्य स्तर से 122 डीपीआर को स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। 108 योजनाओं पर कार्य भी शुरू किया जा चुका है।27 योजनाओं का डीपीआर तैयार है जिन्हें अभी प्रेषित किया जाना है एवं आठ योजनाओं का डीपीआर अभी तैयार होना है। जिलाधिकारी अरुण कुमार ने नामित कार्यदायी संस्था को अवशेष आठ ग्राम पंचायतों की योजनाओं का एक सप्ताह के अंदर डीपीआर प्रस्तुत कर स्वीकृत कराने के निर्देश दिए।समीक्षा के दौरान स्वीकृत योजनाओं की भौतिक प्रगति अत्यंत धीमी होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के जिला प्रतिनिधि को एक सप्ताह के अंदर सभी कार्य स्थलों पर मजदूरों की संख्या दोगुना करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिया।बैठक के दौरान अधिशासी अभियंता जल निगम एमए किदवई, कार्यदायी संस्था के जिला प्रतिनिधि भास्कर आदि शामिल रहे।