मऊ। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर प्रभारी जिला जज बुद्धिसागर मिश्रा के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित महिला सशक्तिकरण के लिए विधिक जागरूकता साक्षरता शिविर का आयोजन रविवार को शारदा नारायण हास्पिटल के सभागार में किया गया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य अर्चना ने कहा कि भ्रूण हत्या को लेकर सरकार सचेत है, लेकिन उसको लेकर हम सभी को जागरूक होने की आवश्यकता है। कहा कि जब एक स्त्री ही किसी की मां है, बहन है पत्नी है तो फिर स्त्री के साथ ही ऐसा व्यवहार क्यों। राज्य सदस्या ने कहा कि समाज को बदलने की ताकत केवल महिलाओं के अंदर ही है, इसलिए आज के समय में महिला का जागरूक होना आवश्यक है। विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुंवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि हमारे जीवन की सबसे पहली प्राथमिकता यह होना चाहिए कि हम सभी महिलाओं का सम्मान करें। परिवारिक मामलों में भी आप सीधे प्राधिकरण से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में बताया और उनसे यह अपील किया कि आपने यहां जो जाना है उसे जाकर अन्य महिलाओं को इसके बारे में बताएं और जागरूक करें। कार्यक्रम को डॉ. एकीका सिंह, डॉ. नम्रता श्रीवास्तव, गीता पांडेय, कंचन तिवारी,शहर बानो, निर्मला यादव, डॉ. सजीत सिंह, धीरज त्रिपाठी, डॉ संजय सिंह आदि ने संबोधित किया।