घोसी। दवा विक्रेता कल्याण समिति की बैठक सोमवार देर शाम अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय की अध्यक्षता में एसबी मेडिसीन सेंटर पर हुई। जिसमें आनलाइन दवा कारोबार को हर हाल में नहीं होने देने पर मंथन किया गया। निर्णय लिया गया कि 17 जुलाई को होने वाली बैठक में इस पर रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में 14 जिलों के दवा कारोबारी भाग लेंगे। बैठक में जिलाध्यक्ष शिवजी राय ने कहा कि आनलाइन दवाओं की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने एवं फार्मासिस्ट की समस्या को लेकर 17 जुलाई को मंडल स्तरीय बैठक बलिया मोड़ मऊ में राय पैलेस में होगी। इसमें 14 जिलों के दवा व्यापारी भाग लेंगे। मीटिंग में सभी समस्याओं पर विचार विमर्श करने के बाद जनपद स्तरीय बंदी की घोषणा की जायेगी। तहसील अध्यक्ष अरविंद पाण्डेय ने कहा कि आनलाइन दवा कारोबार पर प्रतिबंध लगाने के लिए प्रभावी आंदोलन किया जाएगा। कहा कि 1940 का बना कानून आज तक चल रहा है जबकि आज के परिवेश में सारी दवाएं कंपनी द्वारा बनी बनाई आ रही हैं। केवल डाक्टर का पर्चा पढ़कर दवा देना है जिसको बेचने के लिए फार्मासिस्ट की आवश्यकता नहीं है। महामंत्री प्रवीण पाण्डेय, निर्भय पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार आनलाइन दवा कारोबार पर जल्द रोक लगाए नहीं तो दवा विक्रेता प्रदेश स्तर पर बंदी करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान जमील अंसारी, राजेश सिंह, रमेश चंद्र सिंह, तीर्थराज सिंह, अनुपम श्रीवास्तव, सुनील मिश्रा, अश्वनी पाण्डे, दीपक कुमार, राजन बरनवाल मौजूद रहे।