मऊ। शिक्षकों ने विभिन्न मांगों को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया। साथ ही मुख्यमंत्री को संबोधित जिला विद्यालय निरीक्षक को 17 सूत्री ज्ञापन सौंपा। जिसमें पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने की मांग प्रमुखता से की गई है। संगठन के जिलाध्यक्ष जय नारायण द्विवेदी ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना को लागू कराने के लिए पूरा शिक्षक संगठन कृत संकल्प है। पेंशन ही वृद्धावस्था का एकमात्र सहारा है। वित्तविहीन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को समान कार्य के लिए समान वेतन के सिद्धांत पर वेतन एवं समानता के आधार पर सेवा शर्तें लागू की जाए। प्रदेशीय कार्यकारिणी के सदस्य देव भास्कर तिवारी ने कहा कि समान कार्य के लिए समान वेतन के सिद्धांत पर विद्यालयों में कार्यरत कंप्यूटर एवं व्यवसायिक शिक्षकों को पूर्णकालिक शिक्षकों की भांति वेतन मिलना चाहिए। शिक्षकों के स्थानांतरण नीति में आवश्यक संशोधन एवं सामूहिक बीमा जो 2014 से बंद कर दिया गया है उसे चालू किया जाए। धरने को प्रधानाचार्य मुहम्मद मजहर, सत्य प्रकाश राय, ऋषिकेश पांडेय, दीनदयाल राय, मृत्युंजय तिवारी, संजय यादव, दिवाकर राय शर्मा, संजय कुमार उपाध्याय, हरिनाथ सिंह ने संबोधित किया। इस दौरान भूपेंद्र सिंह, आनंद प्रकाश शुक्ला, मनोज यादव, उपेंद्र पति पांडेय, अनिल कुमार सिंह, प्रणव चतुर्वेदी, प्रमोद मिश्र ,शशिकत पांडेय आदि शामिल रहे। संचालन रामानंद यादव ने किया।