मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार ने शनिवार को जिले के घाघरा नदी के दाएं तट पर स्थित हाहानाला रिंग बांध निरीक्षण किया। निरीक्षण में कमी मिलने पर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिया। बाढ़ क्षेत्र में नए निर्माण कार्य कराने वालों को नोटिस देने के भी निर्देश दिया।
मधुबन तहसील क्षेत्र के गजियापुर गांव में स्थित हाहानाला रिंग बंधा का निरीक्षण किया। परियोजना के लिए चार करोड़ 69 लाख रुपये स्वीकृत हैं। इस परियोजना के तहत कुल 3.2 किलोमीटर लंबे बांध के सुदृढ़ीकरण एवं उच्चीकरण का कार्य किया जाना है। इस परियोजना का अब तक 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुके हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कितने जगहों पर स्टोन बोल्डर लगे हैं, उसकी भी जानकारी ली एवं उसका निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने बाढ़ क्षेत्र में नए निर्माण कार्य कराने वालों को नोटिस देने के भी निर्देश दिए। बांध के दूसरी ओर आवासीय बस्ती होने के कारण बांध के मजबूत एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिया। जिलाधिकारी ने थाने, ब्लॉक एवं तहसील के अधिकारियों से अपनी कार्ययोजना में बाढ़ से संबंधित कार्यों भी को शामिल करने को कहा। उन्होंने आपसी समन्वय बनाकर बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी अधिकारियों को निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता सिंचाई को कार्य में तेजी लाने एवं समय से कार्य पूर्ण करने के अलावा निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी सिंचाई, खंड विकास अधिकारी मधुबन, सीओ मधुबन एवं अन्य सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।