मऊ। जिले के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट तथा सहायता प्राप्त विद्यालयों के बच्चों को नि:शुल्क ड्रेस, बैग, स्टेशनरी की धनराशि जल्द मिलेगी। सत्यापन पूरा होते ही एक अगस्त को सीएम कार्यक्रम के तहत अभिभावकों के खातों में धनराशि हस्तांतरित करेंगे। यह कार्यक्रम सभी बीआरसी और स्कूलों पर लाइव दिखाया जाएगा। जिले में 1208 परिषदीय विद्यालय, 94 सहायता प्राप्त, 56 समाज कल्याण विभाग 1.80 लाख बच्चे अध्ययनरत हैं।कोरोना संक्रमण के कारण वर्ष 2020 तथा वर्ष 2021 में बेसिक शिक्षा काफी प्रभावित हुई थी। जिसे देखते हुए शासन ने 2021 में बच्चों के यूनिफार्म, बैग, जूता आदि का पैसा अभिभावकों के खाते में भेजा। अब 2022 में भी सरकारी विद्यालयों में पढने वाले कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों की ड्रेस, बैग, स्टेशनरी आदि का पैसा अभिभावकों के खातों में भेजा जाएगा।आंकड़ों के अनुसार 127252 बच्चों का डाटा सत्यापन हो गया है। 92664 बच्चों का डाटा पीएफएमएस पोर्टल पर अपलोड हो चुका है। एक अगस्त को मुख्यमंत्री प्रथम चरण में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) से 92664 अभिभावकों के खातों में 11 करोड़ 11 लाख 96800 रुपया भेजेंगे। इस बार 1200 रुपये प्रति बच्चों की दर से भेजा जाएगा। कार्यक्रम को विद्यालयों तथा बीआरसी पर लाइव दिखाया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों सहित गणमान्य व्यक्तियों को बुलाया जाएगा। जिला समन्वयक, सामुदायिक सहभागिता अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 127252 बच्चों का डाटा सत्यापन हो गया है। 92664 बच्चों का डाटा पीएफएमएस पोर्टल पर अपलोड हो चुका है। एक अगस्त को अभिभावकों के खाते में धनराशि ट्रांसफर की जाएगी।