मऊ: किशोर ने चार साल के बच्चे को किया अगवा, पुलिस ने बरामद कर परिजनों को सौंपा
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे चार साल का आर्यन घर के बाहर खेल रहा था। तभी अपहरणकर्ता उसे बहला फुसलाकर घोसी ले गया। वहां कोतवाली के मझवारा बाजार स्थित एक मोबाइल की दुकान पर छोड़ कर भाग गया।
विस्तार
दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से पुलिस ने अपहर्ता भी गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया अपहर्ता उसी गांव का किशोर है। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे चार साल का आर्यन घर के बाहर खेल रहा था। तभी अपहरणकर्ता उसे बहला फुसलाकर घोसी ले गया। वहां कोतवाली के मझवारा बाजार स्थित एक मोबाइल की दुकान पर वह शाम साढ़े सात बजे पहुंचा।
वहां उसने कीबोर्ड मोबाइल खरीदने के लिए दुकानदार से जानकारी ली। दुकानदार द्वारा दो हजार रुपये कीमत बताने पर वह एटीएम जाने की बात कहकर बालक को छोड़कर चला गया। काफी देर तक युवक के न आने पर दुकानदार ने मझवारा पुलिस चौकी पर सूचना दी।
उधर दोपहर में अपने ननिहाल से गायब बालक की फोटो वायरल होने की सूचना पुलिस को मिल चुकी थी। ऐसे में दुकानदार द्वारा चार वर्षीय बालक के मिलने की सूचना पर दुकान पर पहुंची और बालक को अपने साथ चौकी ले आई। यहां बालक ने अपहरणकर्ता की उम्र 35 वर्ष बताई। साथ ही ननिहाल आने की बात बताई। इस पर पुलिस ने हलधरपुर एसओ को सूचना दी।
कुछ देर में पुलिस पहुंची और बालक को उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। अपहरणकर्ता के सुराग के लिए बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो पता चला कि गांव के ही किशोर ने बालक को अगवा किया था। पुलिस बुधवार को किशोर के घर पहुंची और उसे अपने साथ थाने ले आई।