UP: मऊ में 48 घंटे में दूसरी मुठभेड़, एक बदमाश को गोली लगी तो तीन ने किया सरेंडर; बैंक लूट के आरोपी हैं चारों
Mau News: मऊ जिले की पुलिस ने मुठभेड़ में बैंक में लूट के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों में से एक को गोली लगी है। आरोपियों के पास से हथियार और नकदी बरामद की गई है।
विस्तार
मऊ जिले की पुलिस को 48 घंटे में दूसरी बड़ी सफलता मिली। मंगलवार की भोर में मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। 30 मिनट के इस मुठभेड़ में पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हुआ, पुलिस ने भाग रहे तीन अन्य बदमाशों को घेराबंदी करके गिरफ्तार किया।
पकड़े गए बदमाश एक बैंक के लघु शाखा से लूट के आरोपी के साथ कई मुकदमे के आरोपी हैं। बदमाशों की जानकारी लूट की घटना के बाद पकड़े गए एक अपचारी की पूछताछ के बाद मिला था। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के पास से दो तमंचा और कारतूस के साथ लूट के 17150 की राशि और दो बाइक बरामद किया।
क्या है पूरा मामला
एसपी इलामारन जी ने बताया कि मुहम्मदाबाद गोहाना कोतवाली क्षेत्र के एक लघु बैंक से लूट के चार आरोपी घटना के बाद भागने की फिराक में थे। मुखबिर से सूचना मिली कि यह चारों आरोपी दो बाइक से लग्गुपुर के पास सौसरवां भैसंहा होते हुए भुजही की तरफ से जाने वाले हैं। सूचना पर पुलिस टीम वहां पहले ही पहुंच गई और उनके आने का इंतजार करने लगी। इस बीच भोर में करीब तीन बजे दो बाइक आती दिखीं।
इसे भी पढ़ें; UP News: बिजली निगम के जेई के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, शिकायतों का निस्तारण न करने पर किया गया निलंबित
इस पर पुलिस टीम ने बाइक सवार लोगों को रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस टीम को देखकर वे बाइक मोड़कर भागने लगे। उधर, चारों तरफ से पुलिस द्वारा खुद को घिरा हुआ देखकर एक बदमाश ने पुलिस पर फायर करने लगा। गोलीबारी में टीम में शामिल प्रभारी निरीक्षक और उप निरीक्षक सुरजीत सिंह बाल- बाल बचे।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक को लगी गोली
इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायर किया। पुलिस की फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, वहीं तीन बदमाशों ने खुद को घिरा देखकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस की पूछताछ में गोली लगने से घायल बदमाश और उसके दो साथी एक थाना क्षेत्र के अलग- अलग गांव निवासी रूप में पहचान हुई।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
इसमें मुख्य आरोपी कोटवा निवासी राजन यादव, बढ़ुआ गोदाम निवासी नवनीत सिंह उर्फ अर्पित और पिपरी मडैया निवासी सर्वेश यादव के रूप में हुई। जबकि चौथे बदमाश की पहचान गाजीपुर जिले के मरदह थाना क्षेत्र के आदर्श सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने इनके पास से दो तमंचा, कारतूस, दो बाइक और लूट की रकम बरामद की। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया।