मऊ। शाक्ति और उपासना का पर्व शारदीय नवरात्र की शुरुआत रविवार से (अश्विन मास शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा) से होगी। पहले ही दिन माता के मंदिरों सहित घरों में घट स्थापना होगी। इसके निमित्त पूर्व संध्या पर भक्तों ने पर्व की सारी तैयारियां पूरी कर ली। जिले में इस बार भी खास तौर से वनदेवी धाम, शीतला माता धाम, मां कोयल मर्याद भवानी माई मंदिर, अष्टभुजी देवी मंदिर सहित प्रमुख देवी मंदिरों पर भारी संख्या में भक्तों के उमड़ने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। नवरात्र के मौके पर नगर क्षेत्र के शीतला माता धाम, वनदेवी मंदिर सहित जिले के अन्य इलाकों में मां कोयल मर्याद भवानी माई मंदिर, निधियांव स्थित अष्टभुजी मंदिर, आजमगढ़ मोड़ पर स्थित मां दुर्गा मंदिर, रोडवेज और फातिमा मोड़ पर स्थित माता दुर्गा का मंदिर सहित ग्रामीण अंचलों के प्रमुख वनदेवी मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। नवरात्र की पूर्व संध्या पर जहां एक ओर मंदिरों की सफाई और सजावट का कार्य पूर्ण कराया गया। भक्तों ने साज -सज्जा में कोई कसर नहीं छोड़ा। शहर के प्रमुख मंदिरों की अलौकिक छटा हर किसी को मंत्रमुग्ध कर रही है। वहीं, भक्तों ने नौ दिवसीय इस पूजा की परंपरा को निभाने के लिए तैयारियों को पूरा करने के क्रम में जमकर खरीदारी की। नवरात्र पर्व रविवार से शुरू हो रहा है। दुर्गा प्रतिमा के स्थापना के लिए पंडाल बनाने का कार्य तेज हो गया है।शहर कोतवाली में 28 सहित जिले में 357 दुर्गा पंडालों में दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएगी। चार अक्तूबर को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना तथा प्राण प्रतिष्ठा होगी। नगर के हिंदी भवन में जय मां दुर्गा पूजा समिति का पंडाल कश्मीर, पुलवामा हमला, पायलट अभिनंदन वर्धमान द्वारा पाकिस्तान के एफ 16 विमान को मार गिराने आदि थीम आधारित बनाया जा रहा है। जबकि नगर के बाटा स्थित राष्ट्रीय श्री दुर्गा पूजा समिति का पंडाल वैष्णो देवी मंदिर थीम पर बन रहाहै।