मऊ। कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) व किसान सभा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आजमगढ़ मोड़ से जुलूस निकाल कर अधिशासी अभियंता कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित 10 सूत्रीय मांग पत्र अधिशासी अभियंता को सौंपा। प्रदर्शन कारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में बिना मीटर वालों पर 25 फीसदी, किसानों के ट्यूबवेल पर 14 फीसदी, शहरी घरेलू 15 फीसदी,व्यापारियों- दुकानदारों पर 9 फीसदी, उद्योग पर 5 फीसदी के वृद्धि के साथ भवन निर्माण के लिये अस्थाई कनेक्शन पर 8 रुपया प्रति यूनिट वृद्धि को भाजपा सरकार ने लागू कर दिया है। वक्ताओं ने कहा कि पूरे देश में सर्वाधिक महंगी बिजली उत्तर प्रदेश में ही है। कहा कि 2017 में सत्ता में आते ही योगी सरकार ने बिजली दरों में 250 फीसदी तक की वृद्धि कर चुकी है। दूसरी तरफ अंधाधुंध बिजली कटौती, स्थानीय फाल्ट,फूंके ट्रांसफार्मर बदलने में महीनों की देरी की जा रही है। कृषि क्षेत्र में 10 घंटे से भी कम बिजली सप्लाई से चहुंओर हाहाकार मची है। विरोध सभा को जिला सचिव शेर मुहम्मद, किसान नेता राम अवतार सिंह, विरेन्द्र कुमार, बुनकर नेता समसुल हक चौधरी, अब्दुल अजीम खां, शिवाकान्त मिश्रा, कैलाश चौहान, अब्दुल कलाम,शैलेन्द्र कुमार, जयहिन्द राजभर, परशुराम, श्रवण, आशा देवी आदि नेताओं ने संबोधित किया।