मऊ: कमरे में फंदे से लटका मिला कंटेंट क्रिएटर महिला का शव, पति समेत पांच पर हत्या का केस
मऊ के घोसी क्षेत्र में 21 वर्षीय कंटेंट क्रिएटर अस्का चौहान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में मिला। पिता ने दहेज में बाइक और 50 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए पति समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
विस्तार
घोसी कोतवाली क्षेत्र के डेराघाट भिखारीपुर गांव में शनिवार सुबह 21 वर्षीय कंटेंट क्रिएटर अस्का चौहान का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। घटना के बाद से पति घर से फरार है। उधर, मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की और शव ले जाने से मना कर दिया। पुलिस के समझाने पर दोपहर करीब 12:30 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान, किया था प्रेम विवाह
आजमगढ़ के कोतवाली क्षेत्र के सिकरौरा गांव निवासी अस्का के पिता दुक्खी चौहान ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी और हरिश्चंद्र चौहान कंटेंट क्रिएटर थे। दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। सात मई को अस्का की शादी घोसी क्षेत्र के डेराघाट गांव निवासी हरिश्चंद्र के साथ हुई थी।
बाइक और 50 हजार रुपये मांगने का आरोप
पिता का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष की ओर से बाइक और 50 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही थी। विदाई से पहले पति से फोन पर कई बार विवाद भी हुआ था। शुक्रवार को हरिश्चंद्र अस्का को विदा कराकर ससुराल लाया था। शनिवार सुबह फोन पर बेटी की मौत की सूचना मिली।
पति समेत पांच के खिलाफ प्राथमिकी
पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति हरिश्चंद्र चौहान, ससुर सुरेश, सास ससुम, चाचा ससुर दिनेश और ननद प्रियंका के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सीओ सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
