फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Mau News ›   Make Yoga an integral part of your daily life: AK Sharma

योग को अपने दैनिक जीवन का बनाएं अभिन्न अंग : एके शर्मा

Sun, 21 Jun 2026 11:39 PM IST
Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Sun, 21 Jun 2026 11:39 PM IST
विज्ञापन
Make Yoga an integral part of your daily life: AK Sharma
नगर ​स्थित जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग करते कैबिनेट मंत्री एके शर - फोटो : सांकेतिक
मऊ। 12वें अंतराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा रहे। मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्जवलित कर मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उपस्थित जनसमूह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस पर प्रसारित संबोधन को सुना।
विज्ञापन

इस अवसर पर जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन, मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव, जनपदस्तरीय अधिकारीगण, तहसील और विकास खंड स्तर के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण, छात्र-छात्राएं और नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।
विज्ञापन

इस मौके पर मुख्य अतिथि एके शर्मा ने योग को भारत की विश्व को दी गई अमूल्य और अद्वितीय धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों के फलस्वरूप योग को वैश्विक स्तर पर व्यापक पहचान और सम्मान प्राप्त हुआ है। आज विश्व के अनेक देशों में योग दिवस उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, बुद्धि एवं शरीर के समन्वय का सशक्त माध्यम है। महर्षि पतंजलि द्वारा प्रतिपादित अष्टांग योग और श्रीमद्भगवद्गीता में वर्णित “योगः कर्मसु कौशलम्” का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि योग का वास्तविक अर्थ अपने कर्तव्यों और दैनिक कार्यों को पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं दक्षता के साथ संपन्न करना है।
विज्ञापन
विज्ञापन

उन्होंने जनसमूह से आह्वान किया कि वे योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाएं, जिससे शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन एवं आध्यात्मिक उन्नति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास स्वस्थ, समृद्ध एवं सशक्त समाज के निर्माण की आधारशिला है।कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ। योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
नगर के डीसीएसके परिसर में योग शिविर का आयोजन हुआ। इसके तहत आसन और प्राणायाम किया गया। एनसीसी कैडेट्स ने निरंतर योग अभ्यास करने की शपथ ली तथा समाज में आसपास लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया। महाविद्यालय परिसर में योग शिविर में एनएसएस वॉलिंटियर और रोवर्स एवं रेंजर्स के प्रतिभागियों ने शिविर में उपस्थित होकर योग का अभ्यास और लाभ से अवगत हुए। योग दिवस के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में नगर के सम्मानित नागरिक उपस्थित होकर योग अभ्यास किया। संचालन एनएसएस अधिकारी डॉ. विशाल जायसवाल, डॉ. रविंद्र कुमार, एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ.सूर्य भूषण द्विवेदी ने किया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर घोसी नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न सरकारी और सामाजिक संस्थाओं की तरफ से योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। घोसी तहसील परिसर में आयोजित योग शिविर में उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह, तहसीलदार डॉ. धर्मेंद्र पांडेय ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया। वहीं आदर्श नगर पंचायत घोसी में चेयरमैन मुन्ना प्रसाद गुप्ता तथा अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में योग कार्यक्रम आयोजित हुआ।
घोसी कोतवाली परिसर में क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक रविंद्रनाथ राय के निर्देशन में पुलिस कर्मियों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। इसी क्रम में विकास खंड घोसी में ब्लॉक प्रमुख डॉ. रामकृष्ण यादव की उपस्थिति में योग कार्यक्रम संपन्न हुआ। दादनपुर अहिरौली में पूर्व विधायक विजय राजभर के नेतृत्व में योगाभ्यास किया गया।सर्वोदय पीजी कालेज घोसी डाॅ. वंदना पांडेय, सीएचसी घोसी में अधीक्षक डाॅ. एचके पंकज,पूर्व माध्यमिक विद्यालय धरौली में प्रधानाध्यापक डाॅ. रामविलास भारती, ग्राम पंचायत खानपुर बुजुर्ग गांव में ग्राम प्रधान प्रवीण कुमार राजभर आदि के नेतृत्व में मनाया गया।
भीटी स्थित जीम संस्था की तरफ से भव्य योगाभ्यास एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, युवतियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग एवं प्राणायाम के विभिन्न अभ्यासों में भाग लिया। इस अवसर पर जिम फिटनेस ट्रेनर रणवीर सक्सेना ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति एवं ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। आज विश्वभर में इसकी स्वीकार्यता बढ़ रही है और यह स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
आर्ट ऑफ़ लिविंग के तरफ से नगर के सहादतपुरा मे योग शिक्षक डॉ. कुसुम वर्मा ने आसन, योग, प्राणायाम का अभ्यास कराया। डॉ. सर्वानंद पांडेय ने योग के महत्व पर विस्तार पूर्वक प्रकाश डालते हुए आज की भागम-भाग वाली जिंदगी के लिए, करें योग, रहे निरोग पर विशेष बल दिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से शिवेंद्र त्रिपाठी, साधना तिवारी, सुनीता खंडेलवाल, श्रीधर यादव, राजीव राय, किरन सिंह, विभा सिंह, सरोज वर्मा आदि शामिल थे।
मधुबन: तहसील क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर कई आयोजन हुए। सरकार की तरफ से जारी दिशा निर्देशानुसार योगाभ्यास के लिए विद्यालय तो खुले लेकिन छात्र उपस्थिति नाम मात्र की रही। कई विद्यालयों में तो छात्र उपस्थिति शून्य रही। ऐसे में केवल उपस्थित अध्यापकों ने ही योगाभ्यास किया। इंग्लिश मीडियम जूनियर हाई स्कूल मधुबन में शिक्षकों और बच्चों ने मिल कर योग किया। यहां खेल अध्यापक ने बच्चों को योग के विभिन्न आसन और इससे होने वाले फायदों को बताया। बृजभूषण शरण सिंह अखाडा दरगाह में विशेष आयोजन किया गया। यहां आसपास के कई गांव के प्रधान और क्षेत्रीय लोग पहुंचे और कुश्ती के दाव-पेंच सिख रहे पहलवानों संग मिल कर योग किया। अखाडा संचालक और भारतीय कुश्ती संघ मऊ के पूर्व जिलाध्यक्ष पवन सिंह पहलवान ने ज़ीवन में योग के महत्व को बताते हुए लोगों से इसे अपने दिनाचार्य में शामिल करने की अपील की।
भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष हरिओम शर्मा ने दरगाह में पार्टी से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं संग मिल कर योग किया। लोगों से अपने जीवनशैली में बदलाव एवं योग को अपनाए जाने की अपील की।
दुबारी: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्राथमिक विद्यालय दुबारी-1 में योग का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। शुभारंभ ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष ने किया।
योग प्रशिक्षकों, शिक्षकों ने ताड़ासन, वृक्षासन, पद्मासन, भुजंगासन और अनुलोम-विलोम, कपालभाति आदि योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली तथा मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य पर इसके सकारात्मक प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई।




विद्यार्थियों से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान
मऊ। नगर स्थित सनबीम स्कूल में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन आध्यात्मिक वातावरण के मध्य किया गया। इस वर्ष की वैश्विक थीम योगा फॉर हेल्दी एजिंग (स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन हेतु योग) के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बृज मोहन, वरिष्ठ योग शिक्षक, पतंजलि योगपीठ, हरिद्वार, समन्वयक, भारतीय शिक्षा बोर्ड (पूर्वी उत्तर प्रदेश) एवं सदस्य, डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन, मऊ ने विद्यार्थियों को योगाभ्यास कराया।
इस मौके पर बृज मोहन ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, मस्तिष्क और आत्मा के समन्वय की जीवन पद्धति है। वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अवसाद, असंतुलित जीवनशैली तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का प्रभावी समाधान योग में निहित है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि युवा पीढ़ी नियमित रूप से योग एवं प्राणायाम को अपनाए, तो न केवल व्यक्तिगत जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा, बल्कि वैश्विक स्तर पर हिंसा, तनाव, पर्यावरणीय असंतुलन और मानवीय संघर्ष जैसी समस्याओं के समाधान की दिशा में भी सार्थक कदम बढ़ाया जा सकता है। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशकगण, शिक्षक आदि शामिल थे।

भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है योग
मऊ। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सैनिक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की तरफ से सैनिक पब्लिक स्कूल परिसर में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम जिसका उद्देश्य सभी आयु वर्ग के लोगों को योग के माध्यम से स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है।


कार्यक्रम का नेतृत्व एवं योगाभ्यास संस्थान के संस्थापक ब्रिगेडियर प्रभुनाथ सिंह के द्वारा कराया गया। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने स्वयं ताड़ासन, मर्कटासन, पवनमुक्तासन एवं भुजंगासन जैसे आदि योग का अभ्यास कराया तथा उनके लाभों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में लगभग 500 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही ताजोपुर गांव के प्रबुद्ध वर्ग के लोग शामिल थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed