मधुबन। अनियमित विद्युत सप्लाई ने लोगों के रातों की नींद और दिन का सुकून छीन लिया है। रोस्टिंग के नाम पर हो रही अंधाधुंध कटौती ने विद्युत व्यवस्था को बेपटरी करके रख दिया है। क्षेत्र के सूरजपुर विद्युत उपकेंद्र जहां से वर्तमान में 40 से अधिक गांव को विद्युत सप्लाई होती है, पिछले कई दिनों से बेतहाशा विद्युत कटौती का मार झेल रहा है। हालत यह है कि 24 घंटे में लोगों को 10-12 घंटे की विद्युत सप्लाई भी नहीं मिल पा रही है। एक घंटे की सप्लाई फिर उसके बाद रोस्टिंग के नाम पर दो घंटे की विद्युत कटौती, पिछले कई दिनों से ऐसा ही होता चला आ रहा है। उस पर रही सही कसर जर्जर बिजली के जर्जर तार पूरी कर दे रहे हैं। आए दिन तार टूटकर गिरने का सिलसिला जारी है। बुधवार की रात भी विद्युत उपकेंद्र से संबंधित चक विलायत गांव में हाई टेंशन तार टूट कर गिर गया। जिससे चक विलायत और दरगाह दो गांवों में विद्युत सप्लाई रात भर बाधित रही। भीषण गर्मी में लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इन दिनों बेतहाशा हो रही विद्युत कटौती से उपभोक्ताओं में नाराजगी है। क्षेत्र के अशफाक आलम, मंटू यादव, विक्रम राजभर, अबरार लारी, फिरोज अहमद, मनु राजभर, पिंटू यादव, साहिल हयात आदि का कहना था कि बिजली विभाग को केवल बकाया बिलों की वसूली से ही मतलब है। गांव में लगें बिजली के तार इतने जर्जर हो चुके हैं कि आए दिन तार टूट कर गिरते रहते है। घंटों विद्युत सप्लाई बाधित रहती है। उस पर पिछले एक सप्ताह से रोस्टिंग के नाम पर हो रही अंधाधुंध कटौती ने जीना मुहाल हो गया है। लेकिन विभाग को इसे लेकर कोई चिंता नहीं है।