मऊ। हिंदुत्व पुनर्जागरण के लिए हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं की तरफ से कोपागंज ब्लॉक के लैरोदोनवार प्राचीन शिव मंदिर पर गत चार वर्षों से की जा रही साप्ताहिक शनिवार आरती के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य दीपोत्सव महाआरती तथा भंडारा का आयोजन किया गया। जिसमें 11 हजार दीपक से पूरा मंदिर परिसर को सजाया गया। सभी देवी-देवताओं की भव्य आरती उतारी गई।
जिला संयोजक अजय सिंह ने कहा कि हिंदू समाज को जागृत करने तथा अपने धर्म के प्रति समर्पित करने के लिए हिंदू युवा वाहिनी द्वारा गत चार वर्षों से प्रत्येक शनिवार को आरती का आयोजन किया जाता है। मंदिर के पुजारी सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि शिव मंदिर अति प्राचीन है और मुगलों का आतंक भी झेल चुका है जिसका प्रमाण यहां की खंडित मूर्तियां हैं जिन्हें मुगलों की सेना ने खंडित किया था। प्राचीन मंदिर होने के बावजूद बहुत उपेक्षित था लेकिन हिंदू युवा वाहिनी के द्वारा निरंतर इस मंदिर पर इस तरह का धार्मिक आयोजन करने के कारण आज काफी चर्चित हो गया है। यहां हिंदू युवा वाहिनी के द्वारा भारत माता की प्रतिमा भी स्थापित की गई है। इस अवसर पर जिला प्रभारी श्री दिग्विजय राय, डॉ. मिथलेश चौरसिया, दुर्गेश सिंह, सुमित सिंह, अभिनंदन मौर्या, सौरभ सिंह, सर्वानंद सिंह, भूपेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।