मऊ। नोडल अधिकारी/प्रमुख सचिव, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग मुकेश कुमार मेश्राम तथा जिलाधिकारी अरूण कुमार ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रट सभाकक्ष में जूम लिंक के माध्यम से जनपद की समस्त आशा, आंगनबाड़ी, एएनएम, पंचायत सचिव, लेखपालों एवं सभी एमओआईसी को कोविड-19 वैक्सीनेशन, बचाव, इलाज एवं रोकथाम के विषय में संवाद स्थापित किया। नोडल अधिकारी मुकेश मेश्राम ने बताया कि कोरोना से लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। इसलिए कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन अवश्य करें। कहा कि यह वायरस अधिक से अधिक लोगों को संक्रमित कर रहा है। केवल बचाव ही इसका उचित इलाज है। सभी आशा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता नोडल अधिकारी ने बताया कि जिस व्यक्ति को कोविड-19 का टीका का दोनों डोज लग चुका है उनको किसी प्रकार का खतरा नहीं है। यह वैक्सीन एक रक्षा कवच प्रदान करती है। जिलाधिकारी अरूण कुमार ने कहा कि कोविड-19 वैक्सीनेशन की प्रगति जिस क्षेत्र में कम है उस क्षेत्र का चिह्नित कर लिया गया है। टीम भेजकर जिन व्यक्तियों को टीका नहीं लगा है उनको टीका लगवाया जा रहा है। निर्देश दिया कि निगरानी समिति सक्रिय रहे एवं कोई भी व्यक्ति किसी अन्य प्रदेश से आता है तो उसकी सूचना तत्काल उपलब्ध कराएं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।