मऊ। केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर विद्यालयों के पठन-पाठन, उपलब्ध सुविधाओं के अलावा सरकारी योजनाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने स्कूलों में छात्र-छात्राओं के अनुपात में शिक्षकों की तैनाती कर विषमता को दूर करने का निर्देश दिया। साथ ही धान खरीद में आ रहीं समस्याओं का समाधान कराने की हिदायत दी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी अरुण कुमार ने केंद्रीय मंत्री को योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने अमृत सरोवर योजना, मनरेगा, सामुदायिक शौचालय, पंचायत भवनों के निर्माण के बारे में जानकारी दी। समीक्षा के दौरान मंत्री ने संतोष जताते हुए जिले को अच्छी रैंकिंग पर प्रशासन को शाबाशी दी। उन्होंने उच्च शिक्षण संस्थानों, मेडिकल कॉलेज के निर्माण की प्रगति भी पूछी। उन्होंने किसानों के लिए संचालित योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार करने और किसानों को उनका लाभ दिलाने को कहा। अधीक्षण अभियंता विद्युत को दिन में पर्याप्त बिजली मुहैया कराने का निर्देश दिया ताकि खेतों की सिंचाई का काम प्रभावित न हो। वहीं, कुछ धान क्रय केंद्रों पर बोरे की कमी से खरीद न होने का मामला संज्ञान में आने पर उन्होंने जिलाधिकारी को सभी समस्याएं निस्तारित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्कूलों में तिथि भोजन की शुरुआत कराने को भी कहा। बच्चों को विशेष तिथियों पर अभिभावकों एवं ग्रामीणों अथवा प्रधान के सहयोग से महीने में तीन चार बार अच्छा भोजन उपलब्ध हो सके। इसके अलावा स्कूलों में शिक्षक-छात्र अनुपात में शिक्षकों की तैनाती करने का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय से कानून व्यवस्था के बारे जानकारी ली। इस दौरान एडीएम भानु प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट नितीश कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार राय और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता आदि मौजूद थे।