मऊ में झमाझम बारिश: नहीं उड़ सका सीएम योगी का हेलीकॉप्टर, सड़क मार्ग से ही वाराणसी हुए रवाना
मऊ को विकास परियोजनाओं की सौगात देने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मौसम की मार का सामना करना पड़ा। भारी बारिश के कारण उनका हेलीकॉप्टर वाराणसी के लिए उड़ान नहीं भर सका।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन से पहले ही गुरुवार को मऊ जिले का मौसम बदल गया। करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई। मुख्यमंत्री की जनसभा जैसे ही खत्म हुई वैसे ही फिर बारिश शुरू हो गई। भारी बारिश के कारण उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। इसके बाद सड़क मार्ग से ही उनका काफिला मऊ से वाराणसी के लिए रवाना हो गया।
मऊ में सीएम योगी को दो स्थानों पर निरीक्षण के लिए भी जाना था लेकिन वहां भी नहीं जा सके। उधर सीएम के रवाना होते ही मऊ से वाराणसी वाया गाजीपुर तक करीब सौ किलोमीटर में पड़ने वाले सभी थानों को चौकस कर दिया गया। दरअसल बारिश के कारण हेलीकॉप्टर के उड़ान की क्लीयरेंस नहीं मिल सकी।
जल्द बारिश खत्म होने की संभावना नहीं देख सीएम ने सड़क मार्ग से ही वाराणसी जाने का फैसला किया। खबर लिखने के समय तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी पहुंच चुके हैं। यहां वो रात्रि विश्राम करने से पहले कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
निचले इलाकों में जलभराव से दुश्वारियां
मऊ शहर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में गुरुवार को झमाझम बारिश हुई। निचले इलाकों में जलभराव हो गया तो वहीं कीचड़ और फिसलन से लोग परेशान रहे। उधर, किसान बरसात होने से खुश हो गए। गुरुवार सुबह 11 बजे से बारिश शुरू हुई। ऐसे में जो जहां था वहीं खड़ा होकर पानी रुकने का इंतजार करता रहा। बारिश के चलते नगर के भीटी, रघुनाथपुरा, मुंशीपुरा, निजामुद्दीनपुरा सहित निचले इलाकों में जलजमाव होने से लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। कई स्थानों पर नालियों के ओवरफ्लो होने से गंदा पानी पूरे क्षेत्रों में फैला रहा। मौसम बदल जाने से अधिकतम तापमान 33 तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा।