Ghosi Bypoll: घोसी उपचुनाव में सीएम योगी की हुंकार, पूछा- सपा के सरकार में गुंडागर्दी को भूल गए क्या?
घोसी चीनी मिल के समीप स्थित मैदान में आयोजित जनसभा में सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। इंडिया गठबंधन को भी निशाने पर लिया। समाजवादी पार्टी को उन्होंने गुंडों और माफिया का हिमायती करार दिया।
विस्तार
यूपी के मऊ जिले की घोसी विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी घमासान चरम पर है। भारतीय जनता पार्टी के साथ ही समाजवादी पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पांच सितंबर को होने वाले मतदान से पहले मुख्ययमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को घोसी में जनसभा की।
भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान के भारी मतों से जिताने की अपील करते हुए सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की राह पर अग्रसर पर है। भारत विश्व शक्ति बनने की राह पर है। एक तरफ जहां पीएम मोदी सबका साथ-सबका विकास की बात करते हैं वहीं दूसरी तरफ देश के साथ गद्दारी करने वाले दगाबाज लोग देश में अव्यवस्था फैलाने के काम कर रहे हैं। उन्हें देश के विकास से तकलीफ है। वो अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं।
घोसी चीनी मिल के समीप स्थित मैदान में आयोजित जनसभा में सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। जनसभा में उमड़ी भीड़ से पूछा कि सपा के सरकार में गुंडागर्दी को भूल गए क्या। प्रधानमंत्री आवास की चर्चा करते हुए किया पहले की सरकारों में गरीबों को आवास, शौचालय और बिजली की सुविधा क्यों नहीं मिलती थी। समाजवादी पार्टी ने चार बार सरकार बनाई लेकिन काम क्या किया। पूछने पर वो कुछ नहीं बताएंगे। उनके पास कोई शब्द नहीं है।
सीएम योगी ने मऊ दंगे को किया याद
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि छह साल पहले यूपी में कानून व्यवस्था की क्या हालत थी यह बताने की जरूरत नहीं है। तत्कालीन सपा सरकार में दंगाई खुलेआम असलहे लहराते हुए निर्दोषों की हत्या कर रहे थे। उस वक्त न तो केंद्र की कांग्रेस सरकार कुछ बोली, न ही राज्य की सपा सरकार कुछ कर पाई थी। भाजपा सरकार आने के बाद अब माफिया जान की भीख मांग रहे हैं। सीएम योगी ने 2005 में हुए मऊ दंगे का भी जिक्र किया जब सपा की सरकार थी।
कहा कि तब मैं गोरखपुर से सांसद था। उस वक्त दंगाबाजों के खिलाफ लड़ने के लिए मैं ही गोरखपुर से चला था। माफिया मुख्तार अंसारी का नाम लिए बिना हमला करते हुए सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद असलहा लहराने वाले, एके-47 लेकर चलने वाले माफिया आज जान की भीख मांगते हुए दिखाई देते हैं।