UP News: छठ पूजा में फल की दुकान लगाने वाले की मिली लाश, सिर में चोट के निशान; नहर किनारे गिरी थी बाइक
मऊ जिले में फल बेचने वाले की लाश मिलने की सूचना पाकर माैके पर हलधरपुर थाने की पुलिस भी पहुंच गई। स्थानीय लोगों से जानकारी लेने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उसकी गाड़ी नहर के किनारे पड़ी हुई थी।
विस्तार
मऊ के हलधरपुर थाना क्षेत्र के किडीहरापुर गहना के बीच नहर के पास मंगलवार की भोर में एक युवक का शव मिला। युवक की पहचान गहना निवासी और फल दुकानदार के रूप में हुई। युवक के सिर पर चोट लगने से युवक की मौत संदिग्ध लग रही है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
जानकारी के अनुसार, गहना निवासी मनीष कुमार सिंह (28) पुत्र स्वर्गीय संजय सिंह छठ को लेकर गांव के चट्टी पर फल की दुकान लगाया था। मंगलवार की देर शाम करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर अपने घर लौटा था। भोजन के बाद दुबारा 11 बजे दुकान की रखवाली करने के लिए बाइक से चादर और तकिया लेकर निकला था।
मंगलवार की भोर में गांव के कुछ लोग शौच के लिए गांव के बाहर से गुजरी नहर रोड पर पहुंचे तो देखा कि मनीष का शव नहर में पड़ा हुआ है जबकि उसकी बाइक किनारे गिरी थी। परिजनों के माने तो उसके सिर पर चोट लगी थी, जिससे उसकी मौत संदिग्ध लग रही है।
उधर घटना की सूचना मिलने पर सीओ मधुबन अभय सिंह और थाना प्रभारी विजय प्रकाश मौर्य फॉरेसिंक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की। मृतक के पिता की चार साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। जिसके बाद वह ही अपने घर का परिवार का भरण पोषण कर रहा था।
इस घटना से उसकी मां मंजू देवी और छोटे भाई मानवेंद्र सिंह का रो रोकर बुरा हाल था। घटना को लेकर मधुबन सीओ अभय सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है, मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इसकी पुष्टि हो सकेगी। खबर लिखे जाने तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली थी।