मऊ। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव मेें आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को आरक्षण देने की मांग को लेकर करणी सेना ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट जेएन सचान को सौंपा।
करणी सेना भारत के जिला अध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जिस तरीके से आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को नौकरियों में आरक्षण दिया जा रहा है, उसी तरह उन्हें चुनाव में आरक्षण दिया जाए। सभी वर्ग को आरक्षण चुनाव में मिलता है तो आर्थिक रूप से पिछड़ने लोगों को मिलना चाहिए। कहा कि इससे आर्थिक रूप से पिछड़े सवर्ण समाज के लोगों को भी सभी चुनाव में भागीदारी मिलेगी, जिससे समाज का विकास होगा। वहीं भाजपा नेता सुजीत सिंह ने कहा कि जब आर्थिक रूप से पिछड़े युवाओं को सभी प्रकार की नौकरियों में आरक्षण मिला है, तो पंचायत, विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भी आरक्षण लागू किया जाए। जब हर जगह भागीदारी होगी तभी एक सशक्त लोकतंत्र का निर्माण होगा। ज्ञापन देने वालों में शैलेंद्र कुमार सिंह, अभिषेक सिंह, राजू सिंह, सत्यप्रकाश सिंह, रविंद्र सिंह मौजूद रहे।