दुबारी। ग्राम पंचायत के रमऊपुर पुरवा में बिजली विभाग के विरुद्ध ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन कर विरोध जताया। कहा कि जिम्मेदारों ने पोल तो लगा दिया लेकिन तार खींचना भूल गए। कई बार शिकायत करने के बाद भी अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहे। प्रदर्शन कर रहे रामनारायण मौर्य, मनीष कुमार मौर्य, सतेंद्र पटेल, कोदई पटेल, हरिओम मौर्य, बृजबिहारी पटेल, सुनीता मौर्य ने कहा कि घरों के ऊपर बांस के सहारे लटक रहे तार तेज हवाओं से आपस में टकराते हैं जिससे आए दिन स्पार्किंग होती है। लोग अपने छतों पर जाने से डरते हैं। कहा कि यदि बिजली विभाग द्वारा मकान से तार हटाकर नये पोल पर नहीं लगाया तो तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। विद्युत उपकेंद्र मोलनापुर के नोडल अधिकारी अरविंद कुमार ओझा ने बताया कि जल्द पोलों पर तार लगाए जाएंगे। उधर, वलीदपुर मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र में कई गांवों में बिजली मीटर न लगने से बिजली उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना उठाना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ताओं के घरों पर त्रुटिपूर्ण बिजली बिल आ रही है। उसे ठीक कराने के लिए उपभोक्ताओं को बिजली ऑफिस के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। बिजली उपभोक्ता 1912 टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करा रहे हैं। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को अधिक रुपये जमा करने पड़ रहे हैं। ब्लॉक क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर, मड़हा, भातकोल, नरौनी, करहा आदि गांवों में अधिकांश लोगों के घरों पर बिजली मीटर न लगने से गलत बिजली बिल आ रहा है। इस बाबत एसडीओ नीरज कुमार ने बताया कि सभी बिजली उपभोक्ताओं के घर मीटर लगाने का कार्य प्रगति से चल रहा है। सभी के घर बिजली मीटर लग जाएगा जिससे उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान हो जाएगा।