UP: जल्द आने की बात कहकर निकले युवक की मिली लाश, बिलख पड़े माता-पिता; नवंबर में होनी थी शादी
लाश मिलने की सूचना मिलते ही माैके पर पुलिस पहुंच गई। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। युवक दो घंटे पहले अपने माता-पिता से आने की बात कहकर घर से निकाला था।
विस्तार
UP Crime News: मऊ के रानीपुर थाना क्षेत्र के सेमरी गांव के सिवान में आम के पेड़ पर मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के कमालपुर कौलोरा निवासी युवक का शव रविवार की दोपहर में लटकता मिला। घटना से महज दो घंटे पहले युवक अपने माता-पिता से जल्द ही वापस आने की बात कहकर निकला था।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भिजवाया, साथ ही मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
मृतक की पहचान सुनील राजभर (24) सुभाष राजभर के रूप में हुई। सुनील पीओपी का कारीगार था, वह दिल्ली में रहता था। दस दिन पहले ही वह घर लौटा था। सुनील के पिता सुभाष की माने तो रोज की तरह वह सुबह भोजन करने के बाहर जाने की बात कहकर निकला था।
रोज की तरह सामान्य बात समझ कर उसके परिजनों ने इस पर कोई आपत्ति भी नहीं की। दोपहर एक बजे के करीब एक किमी दूर रानीपुर थाना क्षेत्र के सेमरी ग्राम पंचायत के सेमर पोखरे के पास बगीचे में कुछ लोगों ने आम के पेड़ पर सुनिल का शव लटकता देखकर इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी।
परिजनों में मचा कोहराम
सूचना मिलने ही सीओ मुहम्मदाबाद गोहना शीतला प्रसाद पांडेय और रानीपुर एसओ राजीव सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को फारेसिंक टीम के जांच-पड़ताल के बाद नीचे उतराया गया। परिजनों की मानें तो सुनील की शादी अगले नवंबर माह में होनी थी, जिसकी तैयारियों के लिए वह दिल्ली से कुछ दिन पहले लौटा था।
घटना से मृतक के छोटा भाई और उसकी दोनों छोटी बहनों के साथ पिता सुभाष और मां बुचिया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। इस मामले में सीओ मुहम्मदाबाद गोहना शीतला प्रसाद पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में है, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा, फिलहाल अभी तहरीर नहीं मिली है।