मधुबन। थाना क्षेत्र के लकुरा गांव निवासी एक युवती ने अज्ञात कारणों से सोमवार की सुबह जहर खा लिया। हालत गंभीर होने पर परिवार के सदस्यों ने उसे उपचार के लिए सीएचसी फतेहपुर मंडाव में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार करने के बाद डाक्टरों ने उसे सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल लाते समय रास्ते में युवती की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार की सुबह लकुरा गांव निवासी मुन्ना की पुत्री विजवंता (20) ने पारिवारिक कलह के चलते विषाक्त पदार्थ खा लिया। युवती के बेेहोश होने पर परिवार के सदस्यों को उसके जहर खाने की जानकारी हुई। इस दौरान परिवार के सदस्य युवती को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतहपुर मंडाव में भर्ती कराएं, जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी रास्ते में मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।